Varanasi News : हत्या के प्रयास का आरोपी मानसिक चिकित्सालय से भागा, सहारनपुर में मिला; चार लोगों पर केस
राजकीय मानसिक चिकित्सालय से बंदी के लापता होने की सूचना पर हड़कंप मच गया। इसकी जानकारी तब हुई जब नाश्ते के समय बंदियों की गिनती की जाती है। लापरवाही मिलते ही अटेंडेंट को निलंबित कर दिया गया।
विस्तार
Mental Hospital in Varanasi : पांडेयपुर के राजकीय मानसिक चिकित्सालय से हत्या के प्रयास का आरोपी समीर सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर भाग गया। हालांकि, पुलिस की सक्रियता के चलते 24 घंटे बाद वह बुधवार को सहारनपुर रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया। पुलिस उसे लेकर वाराणसी रवाना हो गई है।
निदेशक ने चार कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की है। घटना में लापरवाही बरतने के लिए अटेंडेंट महेंद्र सिंह यादव को निलंबित किया गया है। आउटसोर्सिंग से आए अटेंडेंट रजनीश कुमार सैनी की सेवा समाप्त कर दी गई है। दोनों अटेंडेंट और होमगार्ड संतोष कुमार पाठक व रमेश चंद्र पांडेय के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सहारनपुर के देहात कोतवाली क्षेत्र के दानिश नगर का निवासी समीर हत्या के प्रयास में गिरफ्तार हुआ था। 28 जून 2024 को सहारनपुर जिला कारागार से लाकर पांडेयपुर के मानसिक चिकित्सालय में उसे पुलिस ने भर्ती कराया था। मंगलवार सुबह समीर शौच करने गया था। उसी दौरान अस्पताल परिसर में हो रहे निर्माण कार्य वाली जगह से भाग निकला।
सुबह नाश्ते के समय बंदियों की गणना की गई तो पता लगा कि समीर लापता है। आनन-फानन उसकी खोजबीन शुरू की गई। अस्पताल के निदेशक डॉ. एके राय ने बताया कि वह कैंट स्टेशन से बेगमपुरा एक्सप्रेस से गया था। गुरुवार को समीर वाराणसी आ जाएगा।
हो चुका है स्वस्थ, नहीं आई पुलिस तो रुका है
डॉ. एके राय ने बताया कि विचाराधीन बंदी समीर को छह दिसंबर 2024 को मानसिक रूप से स्वस्थ घोषित किया गया था। इसकी सूचना 31 दिसंबर 2024 को सहारनपुर के संबंधित न्यायालय और जेल अधीक्षक को पत्र भेज कर दी गई है। सहारनपुर से पुलिस स्कॉर्ट न आने के कारण बंदी को स्थानांतरित नहीं किया जा सका है।