वाराणसी में हादसे: सांड और डिवाइडर से टकरा कर दो युवकों की मौत, छह लोग घायल, दो की हालत गंभीर; रेफर
बनकट गांव के पास ओवरटेक करने के दौरान तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। तीनों युवक राखी बंधवाने के बाद दर्शन कर एक ही बाइक से लौट रहे थे। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर जांच शुरू की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बनकट गांव के पास शुक्रवार देर शाम कार को ओवरटेक करते समय बाइक सवार तीन दोस्त डिवाइडर से टकरा गए। हादसे में अजय पटेल (24) की घटनास्थल पर मौत हो गई। वहीं, दो अन्य दोस्त शिवम पटेल और अनुराग पटेल घायल हो गए। घायलों को पं दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं, अजय के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सारनाथ के रसूलगढ़ निवासी अजय पटेल, अनुराग और शिवम तीनों दोस्त थे। दोपहर में राखी बंधवाने के बाद सभी कैथी मार्कंडेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक को गए। शाम को सभी बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक अनुराग की थी और वहीं चला रहा था। बनकट गांव के पास बाइक सवार पहुंचे थे कि अनुराग ने एक कार को ओवरटेक का प्रयास किया।
इस बीच, रफ्तार भी बढ़ा दी, लेकिन अचानक बाइक अनियंत्रित हुई और वह डिवाइडर से टकराकर सड़क पर जा गिरे। आसपास के लाेगों ने तुरंत घायलों को पुलिस की मदद से सीएचसी नरपतपुर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने अजय को मृत घोषित किया। वहीं, शिवम और अनुराग को जिला अस्पताल रेफर किया गया। दोनों का उपचार चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि अजय का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
घर पर इंतजार कर रही थीं बहनें, सांड से टकराकर बाइक सवार की मौत
शिवपुर के दादूपुर रिंग रोड पर वार्टर पार्क के सामने शुक्रवार शाम सांड़ से टकराकर बाइक सवार संदीप कुमार (28) की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घर पर राखी बांधने के इंतजार में बहनों को भाई संदीप की मौत की सूचना मिली तो कोहराम मच गया। लोढ़ान गांव निवासी संदीप कुमार अपनी पत्नी के मामा के घर राजातालाब राखी पहुंचाकर बाइक से घर लौट रहे थे। दादूपुर रिंग रोड पर फंटेसिया वाटर पार्क मार्ग के सामने अचानक एक सांड़ से संदीप की बाइक टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि संदीप सड़क पर गिरकर घायल हो गए। पुलिस ने संदीप को पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। संदीप दो भाइयों में बड़े थे। पत्नी काजल, मां संजू देवी और दो मासूम बच्चे हैं। संदीप की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रक्षाबंधन पर संदीप की बहनें स्वाति और मुस्कान घर पर उनका इंतजार कर रही थीं। बहनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
सांड से भिड़ी मोपेड चार घायल, दो रेफर
चौबेपुर थाना क्षेत्र के रिंगरोड फेज-2 पर शंकरपुर अंडरपास के पास शुक्रवार शाम एक मोपेड सांड से टकरा गई। हादसे में चालक सहित चार लोग घायल हो गए। चोलापुर के अजगरा गांव निवासी रोशन जायसवाल को राखी बांधने उसकी बहनें आशा और निक्की आई थीं। आशा की बेटी आयुषी भी उनके साथ थी। ये सभी संदहां चौराहे से बभनपुरा निवासी बीरु की मोपेड पर जा रहे थे।
शंकरपुर अंडरपास के पास सामने से आ रहे सांड से मोपेड की भिड़ंत हो गई। लोगों ने घायलों को नरपतपुर सीएचसी पहुंचाया। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि गंभीर चोट के कारण बीरु और निक्की को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों की ओर से उनका इलाज किया जा रहा है।