वाराणसी में हादसा: वाहन के धक्के से बाइक सवार सपा नेता की मौत, जिला पंचायत सदस्य का लड़ चुका था चुनाव
लंका पुलिस के अनुसार आसपास लगे सीसी कैमरे के जरिए अज्ञात वाहन के बारे में पता लगाया जा रहा है। उधर, हादसे के दौरान बाइक कहीं से भी क्षतिग्रस्त नहीं है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में डाफी टोल प्लाजा के समीप शुक्रवार की देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार सपा नेता की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक भाग निकला। मिर्जापुर अदलहाट थाना अंतर्गत मदनपुरा गांव निवासी राधेश्याम की डाफी में चायपान की दुकान है और टिकरी में मकान बनवाकर रहते हैं।
राधेश्याम का सबसे बड़ा बेटा श्रवण यादव उर्फ शानू (25) होली पर रामनगर स्थित अपने दोस्त के यहां पार्टी करने गया था और रात में बाइक से घर लौट रहा था। डाफी के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। रमना चौकी पुलिस ने उसे अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता राधेश्याम के अनुसार बेटा पिछले साल सपा के समर्थन से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। लंका पुलिस के अनुसार आसपास लगे सीसी कैमरे के जरिए अज्ञात वाहन के बारे में पता लगाया जा रहा है। उधर, हादसे के दौरान बाइक कहीं से भी क्षतिग्रस्त नहीं है।
कार और बाइक की टक्कर में युवक की मौत, चार घायल
कपसेठी थाना क्षेत्र के बहरी नाला के पास शुक्रवार शाम कार और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। वहीं हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को भदोही स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया।
भदोही के कुकुरौठी और हृदय पट्टी गांव निवासी पांच दोस्त दो बाइक पर सवार होकर होली मनाने के लिए शहर आए थे और दोपहर बाद सभी भदोही लौट रहे थे। वाराणसी-भदोही मार्ग स्थित बहरी नाला के पास आगे चल रही एक कार को बाइक सवार ओवरटेक करने लगे।
इसी बीच हृदयपट्टी गांव निवासी सुनील यादव (20) और दो अन्य युवकों की बाइक कार में टकरा गई। रफ्तार इतनी तेज थी कि कार से टकराने के बाद सभी सड़क पर जा गिरे और पीछे आ रही बाइक भी उसकी जद में आकर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मौके पर ही सुनील की मौत हो गई और चार अन्य युवक घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, इसमें कुकरौठी गांव निवासी विकास यादव (24) और अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।