भदोही में हादसा: पुआल लदे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, डेढ़ वर्ष पहले हुई थी शादी; साथी घायल
जिले के बड़वापुर के पास मंगलवार को पुआल लदे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार प्रियांशु सरोज की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका साथी दिनेश घायल हो गया। प्रियांशु की शादी डेढ़ वर्ष पहले हुई थी। वह मुंबई में निजी नौकरी कर परिवार का खर्च चलाता था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विस्तार
ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के बड़वापुर के पास नहर पर मंगलवार को पुआल (पियरे) लदे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। युवक की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी। उसकी असामयिक मौत से पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार थानीपुर निवासी प्रियांशु सरोज (24) पुत्र स्वर्गीय बसंत लाल सरोज अपने साथी दिनेश (32) पुत्र स्वर्गीय जवाहिर सरोज के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। दोनों मंगलवार को बड़वापुर के पास नहर पर पहुंचे थे। इसी दौरान उगापुर की तरफ से पियरे (पुआल) लादकर आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे में प्रियांशु को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे दिनेश को मामूली चोटें आईं।
परिजनों में कोहराम
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। जवान बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
बताया जाता है कि प्रियांशु सात भाइयों में छठवें नंबर पर था। करीब डेढ़ वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। अभी उसकी कोई संतान नहीं थी। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी निभाने के लिए वह मुंबई में निजी कंपनी में नौकरी करता था। नौकरी से मिलने वाली आय से परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार के सामने दुख के साथ आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पत्नी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।