वाराणसी: स्वाधार गृह से एक युवती और दो महिलाएं छह माह की बच्ची संग गायब, तलाश में जुटी पुलिस
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की मदद से वाराणसी के दांदूपुर स्थित वीडीए कॉलोनी में संचालित स्वाधार गृह से मंगलवार को एक युवती और दो महिलाएं छह माह के बच्चे के संग गायब हो गईं। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार
वाराणसी के शिवपुर थाना अंतर्गत दांदूपुर स्थित वीडीए कॉलोनी में संचालित स्वाधार गृह से मंगलवार को एक युवती और दो महिलाएं गायब हो गईं। काफी खोजबीन के बाद भी तीनों का पता नहीं लगा तो शिवपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इतनी बड़ी लापरवाही को लेकर जिला प्रोबेशन अधिकारी ने स्वाधार गृह की काउंसलर से रिपोर्ट तलब की।
वहीं पुलिस कैंट स्टेशन, रोडवेज अन्य स्थानों पर तलाश कर रही है। बता दें कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की मदद से दांदूपुर स्थित वीडीए कॉलोनी में स्वाधार गृह संचालित होता है। परिजनों से पीड़ित, निराश्रित या किसी आपदा से पीड़ित महिलाएं आकर यहां रहती हैं।
इस समय स्वाधार गृह में मौजूदा समय में छह महिलाएं रह रही थी। सुबह के बाद किसी समय एक युवती व दो महिलाएं गेट से बाहर भाग निकलीं। स्वाधार गृह की काउंसलर सोनी चौबे ने बताया कि संभवतः तीनों के हाथ मेन गेट की चाबी लग गई और वह मौका देखकर गृह से बाहर निकल गईं।
गायब होने वाली युवती 20 वर्षीय गुड़िया है और वह बिहार के पटना की रहने वाली है। दूसरी 35 वर्षीय मूकबधिर गुड़िया है और यह पता नहीं कि वह कहां की है। वहीं छावनी क्षेत्र की रहने वाली तीसरी 25 वर्षीय खुर्शीदा बानो है। खुर्शीदा के साथ उसकी छह माह की बच्ची भी है।
वहीं घटना की सूचना पाकर जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गृह के संचालकों से जवाब मांगा गया है कि देखरेख में किस स्तर पर लापरवाही हुई। जिन दो महिलाओं के नाम और पता का उल्लेख है उनके परिजनों से भी संपर्क स्थापित करने की कोशिश की जा रही है।