वाराणसी। केंद्र व प्रदेश सरकार के सहयोग से 24 फरवरी से दो मार्च तक आयोजित होने वाले व्यास महोत्सव के दौरान महाभारत एवं वेद व्यास पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र होंगी। महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम अस्सी घाट पर होंगे। जबकि, शैक्षिक गतिविधियों से संबंधित कार्यक्रम संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव के दौरान वेद, पुराण, महाभारत, गीता पर शोध गोष्ठियां आयोजित करने के अलावा संस्कृत भाषा के उत्थान पर सार्थक पहल की जाएगी।
मंडलायुक्त चंचल कुमार तिवारी की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई विभागीय अधिकारियों की बैठक में महोत्सव की तैयारियों पर चर्चा हुई। उद्घाटन 24 फरवरी को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में किया जाएगा। 25 फरवरी को साहूपुरी (चांदीपुरी) स्थित महर्षि वेद व्यास मंदिर पर मंडलायुक्त पूजन करेंगे। बैठक में संस्कृत संस्थान के विशेष सचिव डीपी श्रीवास्तव ने बताया कि व्यास महोत्सव का उद्घाटन करने के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव से अनुरोध किया गया है। उन्होंने शीघ्र ही स्वीकृति मिलने की संभावना जताई। मंडलायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को अस्सी घाट तथा संस्कृत विश्वविद्यालय में सफाई व प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने की हिदायत दी। अन्य अधिकारियों को कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध तथा चिकित्सा की समुचित व्यवस्था कराने के लिए कहा। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के साथ ही स्थानीय स्तर के विद्वानों को भी महोत्सव में आमंत्रित करने के लिए कहा। बैठक के बाद मंडलायुक्त ने बताया कि 26 फरवरी को वेद संगोष्ठी, 27 को वेदांत गोष्ठी, 28 को पुराण धर्मशास्त्र संगोष्ठी, एक मार्च को महाभारत व दो मार्च को सामाजिक समन्वय एवं परिवर्तन में संस्कृत की भूमिका विषय पर संस्कृत संगोष्ठी होगी। गीता कंठस्थ व छंदोगान आदि को लेकर प्रतियोगिता भी होगी।