{"_id":"5b88404042c79206ed67e025","slug":"81535656000-varanasi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"गंदगी के चलते पांव पसार रहीं बीमारियां","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गंदगी के चलते पांव पसार रहीं बीमारियां
Updated Fri, 31 Aug 2018 12:36 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भदोही। आसमान में बादल और बारिश का मौसम लगातार बना हुआ है। धरती सूखने से पहले ही बारिश हो जा रही है। शहर की गलियों और सड़कों पर जलभराव से स्थिति नारकीय है। साफ सफाई के अभाव में नालियां बजबजा रहीं हैं। सड़कें झील का रूप ले चुकी हैं। इससे लोगों की परेशानी तो बढ़ी ही हैं, मोहल्लों में बीमारियां भी पांव पसार रहीं हैं। बीते एक सप्ताह में नगर के राजकीय महाराजा बलवंत सिंह अस्पताल में डायरिया, उल्टी-दस्त और वायरल फीवर के मरीज बढ़ गए हैं। बड़ी संख्या में मरीज निजी चिकित्सकों की शरण ले रहे हैं। बारिश के मौसम में नगर की साफ सफाई व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। एक सप्ताह से प्रत्येक 24 घंटे में बारिश होने से धरती को सूखने का मौका नहीं मिल रहा है। सड़क पर गंदगी की बात करें तो सबसे खराब स्थिति स्टेशन रोड की है। सड़क की पटरियां कीचड़ से सन चुकी हैं। हर सुबह दूकान खोलने से पहले लोगों को दुकान के सामने साफ सफाई करनी पड़ती है। दूषित जलापूर्ति दूसरी समस्या है। मोहल्ला पीरखांपुर में जर्जर पाइपलाइन से दूषित जलापूर्ति हो रही है। ऐसी स्थिति में लोगों को पीने के पानी के लिए दूसरों पर आश्रित रहना पड़ रहा है। मछरहट्टा मार्ग के किनारे बारिश में कूड़ा डंप करने से बीमारियों को दावत मिल रही है। लोग उस मार्ग से मुंह ढंक कर चलने को मजबूर हैं। कीचड़ और जलजमाव के चलते कटरा बाजार, कजियाना, बंधवा, पीरखांपुर, काशीपुर, दरोपुर, जमुंद, आनंद नगर आदि मोहल्लों साफ सफाई नहीं हो पा रही है। इसके चलते राजकीय अस्पताल में मरीजों की संख्या एकाएक बढ़ी है। राजकीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. वीके मौर्या ने बताया कि बृहस्पतिवार को 750 मरीजों की ओपीडी की गई। इसमें डायरिया, वायरल फीवर, उल्टी, दस्त के मरीज अधिक हैं। उनका कहना है कि बदलते मौसम में लोग खानपान पर ध्यान दें। बासी खानी से बचें और तबीयत बिगड़ने पर राजकीय अस्पताल की शरण लें। उन्होंने कहा कि अस्पताल में दवाओं की कमी नहीं है।
विज्ञापन