काशी विद्यापीठ: 550 छात्रों के लिए 262 कमरे तैयार, दिसंबर तक होगा आवंटन, 3 हॉस्टल बने; आज पंजीकरण का अंतिम दिन
काशी विद्यापीठ में छात्रों की सुविधाओं को और बढ़ाया जाएगा। हॉस्टल आवंटन के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए गए हैं। इसमें 262 कमरे तैयार किए गए हैं।
विस्तार
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में दिसंबर के दूसरे सप्ताह तक करीब 550 छात्रों को हॉस्टल आवंटित हो जाएगा। मंगलवार को ऑनलाइन पंजीकरण कराने का अंतिम मौका है। विद्यापीठ में चार हॉस्टल आचार्य नरेंद्र देव, लाल बहादुर शास्त्री, जेके वुमेंस और डॉ. भीमरॉव अंबेडकर को मिलाकर कुल 262 कमरे हैं।
वहीं राज्यपाल आनंदी बेन की पहल पर पीएसी कब्जे वाला संपूर्णानंद हॉस्टल भी खाली कराया जा चुका है। इसमें कुल 60 कमरे हैं। लेकिन इस हॉस्टल में कमरा आवंटन की प्रक्रिया अगले सत्र से शुरू होगी। अभी यहां पर फिनिशिंग का काम चल रहा है। इस बार तीन हॉस्टलों में 20 रिसर्च स्कॉलर्स के लिए भी कमरे आवंटित किए जाएंगे।
समस्या होने पर ऑफलाइन आवेदन का भी विकल्प: हॉस्टल आवंटन की प्रक्रिया ऑनलाइन समर्थ पोर्टल से ही की जा रही है। चीफ वार्डेन प्रो. नागेंद्र सिंह के अनुसार ऐसे विद्यार्थी जिनको अभी तक पंजीकरण संख्या नहीं मिली है या जिनके कोर्स में किसी तरह की समस्या या फिर डेटा समर्थ पोर्टल पर अपलोड नहीं हुआ हो तो वे ऑफलाइन आवेदन पत्र भरकर अपने विभागाध्यक्ष और डीन से हॉस्टल के कार्यालय को फॉरवर्ड करा दें। इसमें मांगे गए सभी जरूरी डॉक्यूमेंट्स होने चाहिए।
10 रुपये की नोटरी और गार्जियन की मौजूदगी में मिलेगा कमरा: प्रो. नागेंद्र सिंह ने कहा कि 10 रुपये की नोटरी पर छात्रों से शपथ पत्र लेकर गार्जियन की मौजूदगी में कमरा आवंटित किया जाएगा।हॉस्टलों के लिए विद्यार्थी छात्रावास नियमावली विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड करके देखा जा सकता है।
इसका प्रिंट आउट और आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी हॉस्टल में जमा होगी। आवेदन पत्र के साथ सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, प्रवेश शुल्क रसीद, जाति, निवास और चार फोटो कार्यालय में जमा करना अनिवार्य है।
महत्वपूर्ण बिंदु
- सबसे ज्यादा 132 कमरे आचार्य नरेंद्र देव हॉस्टल में हैं। लेकिन इसमें न तो मेस है और न ही कोई हॉल। वार्डेन कुल आठ होंगे।
- दूसरा सबसे बड़ा लाल बहादुर शास्त्री हॉस्टल है जिसमें 68 कमरे, तीन मेस रूम और एक हॉल होगा। इस हॉस्टल के छह वार्डेन होंगे।
- जेके गर्ल्स हॉस्टल में 42 कमरे, दो मेस रूम और एक हॉल होगा। तीन वार्डेन होंगे।
- डॉ. भीमरॉव अंबेडकर हॉस्टल में 20 कमरों के साथ ही एक हॉल और एक लाइब्रेरी भी छात्रों के लिए मिलेगी। इसमें वार्डेन एक ही होगा। ये हॉस्टल समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत है। इसमें विद्यापीठ सहित जिले भर के सिविल सर्विसेज की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को कमरा आवंटित किया जाता है।