Varanasi: बिजली का बिल सही कराने के नाम पर ठगी, जालसाज ने 15 बार में लिए 19 हजार, आप ना करें ऐसी गलती
वाराणसी में बिजली का बिल सही कराने के नाम पर ठगी काम मामला सामने आया है। एक जालसाज ने एक युवक से 15 बार में 19,878 रुपये ऐंठ लिए। बिल सही न होने पर युवक जब उससे पैसा वापस मांगा तो जालसाज उसे देख लेने की धमकी देने लगा।
विस्तार
बिजली का बिल सही कराने के नाम पर एक जालसाज एक युवक से 15 बार में 19,878 रुपये ऐंठ लिए। बिल सही न होने पर युवक जब उससे पैसा वापस मांगा तो जालसाज उसे देख लेने की धमकी देने लगा। प्रकरण को लेकर वाराणसी के लाटभैरव सरैया निवासी शुभम प्रजापति की तहरीर के आधार पर जैतपुरा थाने में अमन श्रीवास्तव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
शुभम प्रजापति ने बताया कि वह शैलपुत्री स्थित एक सहज जनसेवा केंद्र में काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। बीते 25 मार्च को जनसेवा केंद्र पर एक युवक आया और बिजली का बिल ऑनलाइन चेक कराने के लिए कहा।
इसके बाद उसने एक मोबाइल नंबर दिया और कहा कि अगर बिजली का बिल सही या कम कराना हो तो इस पर संपर्क कर लें। मोबाइल नंबर पर कॉल करने पर फोन रिसीव करने वाले ने खुद को बिजली विभाग का अधिकारी अमन श्रीवास्तव बताया। अमन श्रीवास्तव ने उसके बिजली के बिल से संबंधित विवरण लेकर 15 बार में 19,878 रुपये ऑनलाइन लिया।
इसके बाद भी उसका बिल सही नहीं हुआ तो वह बिजली विभाग गया और भुगतान का विवरण दिखाया। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि बिल के मद में उसका एक रुपया भी जमा नहीं हुआ है और इसी के साथ उसका कनेक्शन काट दिया गया। इसके बाद उसने अमन श्रीवास्तव से संपर्क कर पैसा लौटाने को कहा तो वह देख लेने की धमकी देने लगा। इस संबंध में इंस्पेक्टर जैतपुरा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।