गंजमुरादाबाद। महमदाबाद-कलवारी मार्ग के चौड़ीकरण का काम शुरू हो गया है। चौड़ीकरण के साथ मार्ग का नए सिरे से निर्माण छह माह में पूरा कराया जाएगा।
हरित होटल के पास से महमदाबाद-कलवारी मार्ग निकला हुआ है। यह निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे के नजदीक चकहनुमान तक जाता है। इसकी लंबाई 10 किलाेमीटर है। दशकों पूर्व बने इस मार्ग की चौड़ाई मात्र पौने चार मीटर है जिसे साढ़े पांच मीटर चौड़ा किया जाना है। शासन ने चौड़ीकरण व निर्माण के लिए 21.50 करोड़ का बजट तय किया है। बजट मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने काम शुरू करा दिया है।
मार्ग बन जाने के बाद हैबतपुर, हसनापुर, तहिरापुर, महमदाबाद, कलवारी, दसगवां, हयातनगर, चकहनुमान, हरईपुर, भिक्खनपुर गोपालपुर, जटपुर बेल्थरा, हादीदादपुर, गोवापट्टी, ब्योलीइस्लामाबाद, चहोलिया और महोलिया आदि गांवों की 20 हजार की आबादी को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। जेई ज्ञानेंद्र प्रकाश चौरसिया ने बताया कि मार्ग को साढ़े पांच मीटर चौड़ा किया जा रहा है। काम छह माह में पूरा होने की उम्मीद है।