Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Unnao News ›   unnao news

Unnao News: 40 सीटों वाली बस में 65 यात्री, दोगुना किराया देकर भी स्टूल पर किया सफर

Fri, 13 Nov 2026 01:31 AM IST
Kanpur	 Bureau कानपुर ब्यूरो
Updated Fri, 13 Nov 2026 01:31 AM IST
विज्ञापन
unnao news
उन्नाव। दिवाली, भाईदूज मनाकर कामकाज पर लौटने और छठ पर्व मनाने घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ रेलवे स्टेशनों से लेकर बस अड्डों और हाईवे तक है। ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं। लोकल रूट की पैसेंजर ट्रेनें भी यात्रियों से खचाखच हैं। इसका फायदा निजी बस संचालक उठा रहे हैं। यात्रियों से दोगुना तक किराया वसूल रहे हैं। इसके बावजूद बसों में बैठने की जगह नहीं मिल रही। 40 सीटों वाली बसों में 60 से 65 यात्रियों को बैठा रहे हैं। सीटों के बीच स्टूल लगाकर यात्रियों को सफर करा रहे हैं। लोग महंगा किराया देने के बाद भी दुश्वारियां झेलने के लिए विवश हैं।
विज्ञापन


बृहस्पतिवार को उन्नाव और आसपास के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ रही। लंबी दूरी की ट्रेनों में पहले से ही सीटें फुल हैं। दिल्ली, मुंबई और पंजाब से बिहार और पूर्वांचल जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है। प्रमुख ट्रेनों में वेटिंग 300 से 450 के पार है। कई ट्रेनों में नो रूम है। उन्नाव रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट के लिए देर रात से ही यात्रियों की भीड़ जुटने लगी। 20 नवंबर तक ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने से यात्री सफर का दूसरा विकल्प तलाश रहे हैं।
विज्ञापन



लोकल ट्रेनों में भी लटककर सफर की मजबूरी

त्योहारों की छुट्टियां खत्म होने के बाद लोकल रूट की ट्रेनों में भी यात्रियों का दबाव बढ़ गया है। बृहस्पतिवार को बालामऊ-कानपुर पैसेंजर ट्रेन में इतनी भीड़ थी कि यात्रियों को लटककर सफर करना पड़ा। महिलाओं ने भी जान जोखिम में डालकर ट्रेन के दरवाजों पर लटककर यात्रा की। मेथीटीकुर से उन्नाव और कानपुर जाने वाले यात्रियों रामरानी, गीता और रमेश ने बताया कि ट्रेन में जगह नहीं मिलने से परेशानी उठानी पड़ी। ऑटो और ई-रिक्शा चालकों ने भी यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाकर किराया बढ़ा दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन



दोगुना किराया, फिर भी सीट के लिए जद्दोजहद

सफीपुर क्षेत्र के मियागंज चौराहे से लुधियाना, चंडीगढ़ और दिल्ली जाने वाली निजी बसों में मनमानी की जा रही है। लखनऊ-कन्नौज मार्ग पर संचालित इन बसों में यात्रियों से अधिक किराया वसूलने के साथ क्षमता से कहीं अधिक सवारियां बैठाई जा रही हैं। बृहस्पतिवार को 40 सीटों की क्षमता वाली बसों में 60 से 65 यात्रियों को बैठाया गया। सीटों के बीच स्टूल लगाए गए थे। स्लीपर बसों में भी बर्थ की क्षमता से अधिक यात्रियों को सफर कराया गया।

आसीवन थाना क्षेत्र के मियागंज चौराहे के आसपास आठ ट्रैवल एजेंसियां संचालित हैं। यहां से मलिहाबाद, संडीला, औरास, सफीपुर, रसूललाबाद और हसनगंज क्षेत्र के मजदूर रोजगार के लिए लुधियाना और चंडीगढ़ जाते हैं। बस परिचालक के मुताबिक, एक सीट का किराया 700 रुपये है। नीचे की बर्थ 2800 और ऊपर की बर्थ 2400 रुपये में बुक होती है। ये बर्थ दो यात्रियों के लिए निर्धारित हैं, लेकिन इनमें चार-चार यात्रियों को बैठाया जा रहा है। पीछे अतिरिक्त बर्थ लगाकर तीन बर्थों पर 10 यात्रियों को बैठाने की व्यवस्था की गई थी। ट्रेन में आरक्षण नहीं मिलने के कारण यात्री मजबूरी में इन बसों का सहारा ले रहे हैं।

ट्रैवल एजेंसियों की आड़ में चल रहे अवैध बस अड्डे

लंबी दूरी की बसों में नियमों की अनदेखी केवल ओवरलोडिंग तक सीमित नहीं है। हाईवे और एक्सप्रेसवे पर ट्रैवल एजेंसियों की आड़ में अवैध बस अड्डे संचालित हैं। दूसरे प्रदेशों में पंजीकृत कई स्लीपर और एसी बसों को मॉडिफाई कराकर उनमें अतिरिक्त सीटें लगाई गई हैं। डिकी को भी बड़ा करके माल ढुलाई की जा रही है।

मियागंज चौराहे से चंडीगढ़, लुधियाना, पंजाब, कुरुक्षेत्र, दिल्ली, सोनीपत और पानीपत के लिए दिन-रात बसों का संचालन होता है। इसके बावजूद बसों की क्षमता, फिटनेस और सुरक्षा मानकों की जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बस एजेंसी संचालक ने यात्रियों से अधिक किराया वसूलने के आरोपों से इन्कार किया। उनका कहना है कि यात्रियों का टिकट बस में बैठते समय बनाया जाता है। यात्रा के दौरान चालक और परिचालक क्या करते हैं, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है और अब तक कोई शिकायत भी नहीं मिली है। आसीवन थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

वर्जन...
परमिट का उल्लंघन, अधिक सवारियां बैठाने और ओवर लोडिंग पर लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाती है। एक अप्रैल से 30 सिंतबर तक ओवरलोडिंग व अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर 915 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 1.73 करोड़ रुपये जुर्माना लगाया गया। इसके बाद मिशन कवच में लंबी दूरी की बसों की सघन जांच का अभियान चलाया गया। परमिट का उल्लंघन, बस को मॉडिफाइड पाए जाने, आपातकालीन दरवाजा जाम होने पर 11 बसों के चालान भी किए गए। चेकिंग और कार्रवाई लगातार जारी है। -संजीव कुमार, एआरटीओ प्रवर्तन
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed