उन्नाव। गदनखेड़ा बाईपास स्थित कार के शोरूम में गाड़ी की डिलीवरी लेने के दौरान ग्राहक और कर्मचारियों में कहासुनी हो गई। मामला मारपीट तक पहुंच गया। पीड़ित शोरूम के मालिक, कैशियर सहित अन्य पर अभद्रता, जान से मारने की धमकी सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
अजगैन कोतवाली के नवाबगंज कस्बा निवासी शिवेंद्र सिंह ने पुलिस तहरीर दी। बताया कि उन्होंने महिंद्रा कंपनी की दो स्कॉर्पियो गाड़ियां खरीदी थीं। एक स्कॉर्पियो सर्विस व मरम्मत के लिए शोरूम में थी। छह जुलाई को मैसेज आया कि गाड़ी तैयार है, डिलीवरी ले सकते हैं। इसके बाद शोरूम के मैनेजर से फोन पर बात हुई, तो उन्होंने शाम छह बजे तक आने को कहा। शिवेंद्र सिंह का आरोप है कि वह भाई के साथ सर्विस सेंटर पहुंच गए, लेकिन करीब दो घंटे तक उन्हें बैठाए रखा गया। बार-बार पूछने पर कर्मचारियों ने बताया कि गाड़ी की चाबी नहीं मिल रही है। बाद में गाड़ी की बैटरी डिस्चार्ज मिली और टायर में हवा भी कम थी। शिकायत की तो कर्मचारियों ने अगले दिन आने कहा, इसी पर विवाद हुआ और कैशियर व कर्मचारियों ने गाली-गलौज की। बाद में मैनेजर विशाल, प्रशांत तथा अन्य कर्मचारी पहुंचे और मारपीट की। पीड़ित ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। डायल 112 पर सूचना और पुलिस के आने के बाद कोतवाली गया और वहां प्राथमिकी दर्ज कराई है। कोतवाल चंद्रकांत मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।