उन्नाव। शहर के सरस्वती शिशु मंदिर पूरननगर में युवा भारती ब्राह्मण महासभा संस्कार समिति की ओर से सामूहिक विवाह व यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न कराया गया। इसमें 48 बटुकों का यज्ञोपवीत व चार जोड़ों का विवाह हुआ।
आचार्य विजय शंकर मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चार से संस्कार संपन्न कराए। पहले सुबह के सत्र में 48 बटुकों को यज्ञोपवीत धारण कराया गया। फिर दोपहर में जोड़ों के सात फेरे कराए गए। पूर्व सांसद अन्नू टंडन, सदर विधायक पंकज गुप्ता व पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रामचंद्र गुप्ता आदि ने जीवन उपयोगी सामग्री, वस्त्र व आभूषण भेंट किए। ब्राह्मण सभा ने अलमारी, बक्से, पचहण के बर्तन देकर वधूओं को विदाई दी। इस मौके पर सभा के अध्यक्ष अशोक वाजपेयी वेदांती, डॉ. कमलाकांत द्विवेदी, आनंद मोहन द्विवेदी, लक्ष्मी शंकर त्रिवेदी, नीरज मिश्रा, सुमित त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।