उन्नाव। लॉकडाउन के चलते महाराष्ट्र व पंजाब में फंसे उन्नाव सहित प्रदेश के 22 जिलों के 2625 श्रमिकों को लेकर बुधवार को दो ट्रेनें उन्नाव जंक्शन पहुंचीं। इनमें एक ट्रेन पंजाब के अमृतसर स्टेशन से और दूसरी महाराष्ट्र के जालना स्टेशन से यहां पहुंची। साढे़ पांच घंटे के अंतराल में दोनों ट्रेनें के पहुंचने से थर्मल स्क्रीनिंग व 85 बसों की व्यवस्था करने को लेकर काफी देर तक अफरातफरी मची रही। सभी को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए बोगियों से उतारा गया। सभी का सैनिटाइजेशन व थर्मल स्क्रीनिंग कराने के बाद, लंच पैकेट व पानी देकर बसों से विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया गया।
पंजाब के अमृतसर रेलवे स्टेशन से चली ट्रेन नंबर 04452 यात्री स्पेशल ट्रेन बुधवार सुबह 8:45 बजे उन्नाव जंक्शन पहुंची। 22 बोगी की इस ट्रेन से 1401 यात्री उन्नाव जंक्शन पहुंचे। इनमें 1130 यात्री उन्नाव शहर के शामिल हैं। 271 यात्री हरदोई व रायबरेली जिले के थे। 44 बसों से सभी को उनके गंतव्य तक भेजा गया। दूसरी ट्रेन नंबर 07613 महाराष्ट्र के जालना से 24 बोगी की ट्रेन 22 जिलों के 1224 यात्रियों को लेकर दोपहर 2:30 बजे उन्नाव जंक्शन पहुंची। इनमें उन्नाव के 104 यात्री शामिल हैं। ट्रेन में आगरा, अलीगढ़, बदायूं, बलरामपुर, गोड़ा, जौनपुर, कौशांबी, लखनऊ, प्रतापगढ़, श्रावस्ती बहराइच, बाराबंकी, फतेहपुर, गाजीपुर, कन्नौज, प्रयागराज, संत कबीरनगर सहित 21 जिलों के 1120 लोग आए। सिटी मजिस्ट्रेट चंदन कुमार पटेल, सीओ सिटी यादवेंद्र यादव, सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। जीआईसी मैदान से 42 बसों से लंच पैकेट देकर सभी को उनके गृह जनपद रवाना किया गया।