Unnao: रेलवे ट्रैक पर लेटकर युवक ने बनाई रील, ऊपर से गुजर गई ट्रेन…GRP ने किया गिरफ्तार, होगी वीडियो की जांच
Unnao News: युवक ने पूछताछ में वीडियो बनाने की बात कही है। रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया। इसके अलावा मोबाइल को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा जा रहा है। यदि वीडियो एडिट किया हुआ है, तो जांच में पता चल जाएगा।
विस्तार
उन्नाव जिले में सोशल मीडिया पर लाइक और कमेंट्स पाने के लिए युवक ने रेलवे ट्रैक पर लेटकर वीडियो बनाई। वीडियो में ट्रेन ऊपर से निकलती दिख रही है। वीडियो वायरल होने पर जीआरपी ने रील बनाने वाले युवक को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया। हालांकि परिजनों का कहना है कि ट्रैक पर लेटकर कुछ सेकेंड का वीडियो बनाया था। इसके बाद में युवक ने मोबाइल को ट्रैक पर रखकर ट्रेन के निकलने का वीडियो बनाया।
हसनगंज क्षेत्र के न्योतनी कस्बा निवासी रंजीत चौरसिया (22) सोहरामऊ स्थित एक कंपनी के गोदाम में काम करता है। उसका एक वीडियो देख सभी हैरान हैं। उसने इंस्टाग्राम पर अपना एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें दिख रहा है कि वह कानपुर-लखनऊ रेल रूट पर कुसुंभी स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर लेटा है। इसके बाद एक ट्रेन उसके ऊपर से निकल जाती है। ट्रेन के जाते ही युवक उठकर खड़ा हो जाता है। वीडियो वायरल होने पर जीआरपी ने जांच की।
मोबाइल को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा
रविवार रात युवक को गिरफ्तार कर लिया। जीआरपी एसओ अरविंद पांडेय ने बताया कि रंजीत यू-ट्यूबर है। हाल ही में तीन अप्रैल को वह कुसुंभी में मेला देखने गया था। वहीं उसने यह वीडियो बनाया था। बताया कि पूछताछ में उसने वीडियो बनाने की बात कही है। रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया। इसके अलावा मोबाइल को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा जा रहा है। यदि वीडियो एडिट किया हुआ है, तो जांच में पता चल जाएगा।