{"_id":"0593c8497bdba327e237041033ce1002","slug":"the-four-lohia-buses-will-be-on-purva-road-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"पुरवा मार्ग पर चलेंगी चार लोहिया बसें","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पुरवा मार्ग पर चलेंगी चार लोहिया बसें
ब्यूरो/ अमर उजाला, उन्नाव
Updated Thu, 12 Mar 2015 01:14 AM IST
विज्ञापन
जिले को मिली चार लोहिया बसों को डीएम सौम्या अग्रवाल ने पूजन करने के बाद हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन सभी बसों को पुरवा मार्ग पर दौड़ाया गया। दर्जनों यात्रियों ने आरामदायक सीट पर बैठकर सफर किया।
विज्ञापन
ग्रामीण रूटों पर दौड़ाने के लिए जनपद को 4 लोहिया बसें दी गई हैं। बुधवार सुबह 10 बजे उन्नाव बस स्टेशन से इन बसों को डीएम ने हरी झंडी दिखाई। इससे पहले डीएम ने बसों का विधिवत पूजन किया। पूजन के बाद सभी बसों को पुरवा रूट पर भेजा गया।
विज्ञापन
इन लोहिया बसों का किराया आम बसों से करीब 25 फीसदी कम है। जानकारों की मानें तो जिले के लोकल रूटों में पुरवा मार्ग पर सबसे ज्यादा डग्गामार वाहन हैं। इसको देखते हुए इन लोहिया बसों को पुरवा रूट पर चलाया गया है।
विज्ञापन
अधिकारियों के मुताबिक, सुबह 7 बजे से उन्नाव बस स्टेशन से यह बसें पुरवा-मौरावां के लिए मिलेंगी। दो बसें उन्नाव और इतनी ही गाड़ियां मौरावां बस स्टेशन पर रात्रि में रुकेंगी। सुबह इन बसों को उन्नाव और मौरावां से संचालित किया जाएगा।
इन लोहिया बसों में यात्रियों के आरामदायक सफर के लिए विशेष प्रकार की कुर्सियां और सामान रखने के लिए अलग से स्थान की व्यवस्था है।
बुधवार को बसों को रवाना करने के दौरान सेवा प्रबंधक कानपुर क्षेत्र रमेश कुमार, एआरएम आरबी विश्वकर्मा, सतीश मिश्रा, नारायणी देवी, बजरंग बहादुर, जयकरन सिंह, कमलेश कुमार, राकेश कुमार मौजूद रहे। संचालन स्टेशन इंचार्ज हरिओम ने किया। एक बस चालक राकेश कुमार ने अपने पैसों से मिठाई खरीदकर सभी बस यात्रियों का मुंह मीठा कराया।
लोहिया बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने पहुंची जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल से रोडवेज कर्मचारियों ने शिकायत की कि बस अड्डे के सामने अवैध खड़े वाहनों के कारण न सिर्फ यात्रियों को असुविधाएं होती हैं बल्कि बसों के संचालन में दिक्कत होती है।