Unnao: चौकीदार की हत्या में दो सगे भाइयों सहित पांच को उम्रकैद, प्रत्येक पर 53-53 हजार का जुर्माना भी लगाया
Unnao News: वर्ष 2016 में खेत में जानवर जाने का उलाहना देने पर चौकीदार की हत्या हुई थी। मामले में कोर्ट ने दो सगे भाइयों समे पांच लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई है।
विस्तार
उन्नाव जिले में खेत में जानवर जाने का उलाहना देने गए स्कूल के चौकीदार की हत्या के मामले में कोर्ट ने दो सगे भाइयों समेत पांच को उम्रकैद की सजा सुनाई है। प्रत्येक पर 53-53 हजार अर्थदंड भी लगाया गया है। औरास थाना क्षेत्र के हाथीखेड़ा निवासी रमेश यादव ने एक जुलाई 2016 को पुलिस को बताया था कि उसका भाई रामबली औरास के ग्राम श्यामपुर में बहन के यहां रहता था।
रात में जयकृष्ण इंटर कॉलेज दुर्गागढ़ी में चौकीदार करता था। एक जुलाई को दिन में गांव के अनंतपाल, सोने लाल, रामकेशन, उसके भाई गंगाप्रसाद व हरिप्रसाद के जानवर विद्यालय परिसर में आ गए थे। उसी बात का उलाहना देने भाई उनके घर गया था।
कोर्ट ने पांचों को उम्रकैद की सजा सुनाई
इसी दौरान इन लोगों ने उसे बाहरी समझकर पहले बिजली के खंभे से बांधकर पीटा। जब वह मरणासन्न हालत में हो गया, तो एंबुलेंस से मियागंज सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोष साबित होने पर न्यायाधीश मो.असलम सिद्दीकी ने पांचों को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई।