फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Unnao News ›   Kahr: Six houses and 200 bigha wheat crop burnt

कहर: छह घर व 200 बीघे गेहूं की फसल जली

Tue, 11 Apr 2017 12:12 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, उन्नाव
अमर उजाला ब्यूरो, उन्नाव Updated Tue, 11 Apr 2017 12:12 AM IST
विज्ञापन
Kahr: Six houses and 200 bigha wheat crop burnt
गंजमुरादाबाद में गेहूं फसल में लगी आग को बुझाते ग्रामीण। - फोटो : अमर उजाला

विज्ञापन
सोमवार को आग की ताबड़तोड़ घटनाएं हुईं। कहीं बिजली के तार कहर बनकर टूटे तो कहीं लोगों की लापरवाही तैयार खड़ी फसल को राख कर गई। जिले के अलग-अलग ब्लाक क्षेत्रों में आग लगने की दस घटनाएं हुईं। बिछिया ब्लाक में आग से छह घरों की गृहस्थी और नगदी जल गई। तेज हवा के कारण लोगों को गृहस्थी बचाने का मौका ही नहीं मिला। इन छह परिवारों के पास शरीर पर पहने कपड़े ही बचे।

वहीं गंजमुरादबाद ब्लाक के बहलोलपुर गांव में एचटी लाइन में स्पार्किंग से करीब आधे घंटे में 150 बीघे फसल जल गई। इसके अलावा पुरवा, असोहा, फतेहपुर चौरासी, बीघापुर, नवाबगंज और सफीपुर ब्लाक क्षेत्र में भी आग लगने की घटनाएं हुईं। जिसमें 50 बीघा फसल जली। घटनाओं में दमकल समय से न पहुंचने से लोगों में आक्रोश रहा। घटना की सूचना पर राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंच कर नुकसान का आंकलन कर रही हैं।
विज्ञापन


पांच घंटे बाद ग्रामीण बुझा पाए आग
गंजमुरादाबाद। बांगरमऊ तहसील के बहलोलपुर गांव के पास सोमवार शाम करीब पांच बजे लाल खां के खेतों से गुजरी हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर गेहूं की फसल पर जा गिरी। बिजली के तारों से निकली चिंगारी को तेज हवाओं ने रौद्र रूप धारण करा दिया। एक के बाद एक खेत आग की चपेट में आते चले गए। खेत मालिकों के साथ ही ग्रामीणों को आग की जानकारी हुई तो मौके पर भीड़ का मजमा लग गया। आग का विकराल रूप देख आसपास के गांव वाले भी आग बुझाने में ग्रामीणों के साथ आ खड़े हुए।
विज्ञापन
विज्ञापन



तीन घंटे तक आग की लपटे उठती रही। जिसमें नुकसान का ग्राफ बढ़ता ही गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर पानी की बौछार कर काबू पाने की जद्दोजहद शुरू की। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान लाखों का नुकसान हो चुका था। इस दौरान लाल खां के अलावा सरताज, चुन्ना, बुल्ला, असलम, जहीर, रियाज, अनूप, नफीस, दयाराम, अमरनाथ, भोला प्रसाद, छेदीलाल, इदरीश, रामऔतार समेत करीब दो दर्जन किसानों का 150 बीघा फसल जलकर बर्बाद हुई है। पूर्व प्रधान पति महफूस रजा लगातार शिकायतों के बाद भी बिजली विभाग के अफसरों ने ढीले तारों को सही नहीं कराया। जिससे सैकड़ों बीघा फसल का नुकसान हुआ है। एक सप्ताह पहले भी तार टूटने से चार बीघा गेहूं की फसल जल चुकी है। इसके अलावा देर शाम बांगरमऊ के गनीपुर में आग से लगभग 12 बीघा फसल जल गई।

छह घरों की गृहस्थी हुई राख
अजगैन। सदर तहसील की गांव कुईंथर के मजरा जमुनाखेड़ा की बंजारा बस्ती में सोमवार दोपहर बिजली का तार टूटकर घरों पर गिर गया। इसमें छह घरों की गृहस्थी के साथ ही नगदी भी जल गई। सोमवार दोपहर तेज हवा चलने से एलटी लाइन के तार आपस में टकराए और स्पार्किंग होने के साथ ही तार भोला के घर पर टूटकर गिर गया। इससे छप्पर जलने लगा। तेज हवाओं के झोंके जब तक लोग कुछ समझ पाते लपटों ने एक के बाद एक छह घरों को चपेट में ले लिया।

घटना में भोला के अलावा उनके पड़ोसी आजाद, मेंहदी हसन, ननिहा, चांद मोहम्मद के अलावा भूरो के घर भी धधकने लगे। ग्रामीणों ने ट्यूबवेल व सरकारी हैंडपंपों के सहारे आग पर काबू पाने की जद्दोजहद में जुट गए। ग्रामीणों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को आग की सूचना दी। लपटों की चपेट मेें आए घरों की गृहस्थी पूरी तरह जल गई। पीड़ितों ने बताया कि उन सभी का एक लाख से अधिक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना पर पहुंचे लेखपाल श्रीकृष्ण शाम तक नुकसान का आंकलन किया।

साइलेंसर की चिंगारी से पांच बीघा फसल जली
बीघापुर। बहराजमऊ मजरे ढिमरा में हार्वेस्टर के साइलेंसर से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। आग से पांच बीघा फसल जल गई। ग्रामीण काफी मशक्कत के बाद आग को काबू कर पाए। ढिमरा निवासी शिवमंगल सिंह के खेतों पर हार्वेस्टर मशीन से सुबह गेहूं की फसल की कटाई हो रही थी। इसी दौरान आग लगने से किसान रमेश कुमार, लल्लन, काली चरण, रामलाल, राजरानी के खेतों पर खड़ी फसल जल गई। पूर्व प्रधान रामू भदौरिया ने बताया की सूचना देने के बाद दो घंटे बाद दमकल पहुंची। तहसील प्रशासन का कोई अधिकारी भी नहीं आया।

सिगरेट से फुंकी दस बीघा फसल
फतेहपुर चौरासी। ऊगू के अजगवा में सोमवार दोपहर करीब एक बजे मथुरा पुत्र सूरज के गांव के बाहर गेहूं की फसल में किसी ने जलती हुई सिगरेट फेंक दी। आग की लपटें देख खेतों पर मौजूद किसान व ग्रामीण आग बुझाने को दौड़ पड़े।

घंटों की आपाधापी के बाद ग्रामीण आग पर काबू पा सके। इस दौरान मथुरा के अलावा मुन्नू, विजय बहादुर, बकरम सिंह व रमेश की करीब 10 बीघा फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों की मानें तो नट बिरादरी के लोग मथुरा के खेत के किनारे से निकल रहे थे। इन्हीं में से किसी ने सिगरेट पीने के बाद खेत किनारे फेंक दी। जिससे फसल में आग लगी है। इसके अलावा नासिरपुर निवासी होरी व मूल प्रकाश रावत की डेढ़ बीघा फसल जल गई।

नवाबगंज में 3.5 बीघा फसल राख
नवाबगंज। हसनगंज तहसील के परसंदन का मजरे कीर्तिखेड़ा निवासी बाबादीन व कुंवारे के गांव के बाहर खेत हैं। जहां गेहूं के बोझ बंधे होने के साथ फसल खेतों में कटी पड़ी थी। मंगलवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में बाबादीन के खेत में आग लग गई।

हवा के तेज झोंकों के चलते आग की चिंगारी कुंवारे के खेत में बंधे पड़े गेहूं के बोझ पर जा गिरी। जब तक ग्रामीणों की मदद से किसान आग पर काबू पाते तब तक लगभग चार बीघे फसल जलकर राख हो गई। देर शाम सोहरामऊ के हिम्मतखेड़ा निवासी किसान छेदीलाल, रज्जनलाल, उमेश बाबू, पारा बाबू व जंगली के खेतों में गेहूं की फसल में आग से करीब पांच बीघा फसल जल गई।

बच्चोें के खेल में लगी आग
फतेहपुर चौरासी। नासिरपुर गांव में सोमवार दोपहर बच्चों के खेल में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग की चिंगारी राम प्रकाश रावत के खेत में खड़ी गेहूं की फसल पर जा गिरी। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक राम प्रकाश की डेढ़ बीघा, होरी मिस्त्री की एक बीघा फसल जल गई।

क्षेत्र के ही सालेह पुरवा और अजिगवां के बीच कुछ नट बिरादरी के लोग एक पेड़ में लगे मधुमक्खियों के छत्ते से भगाने के लिए आग लगाई। इसकी चिंगारी नीचे ऊगू निवासी मथुरा के खेत में गिर गई। जब तक आग बुझाई जाती तब तक आग ने जिगंवा निवासी मुन्नू, विजय बहादुर, रमेश ऊगू निवासी मथुरा की लगभग दस बीघा फसल जल गई। सूचना पर पहुंचे लेखपाल ओमजी मिश्रा ने आग से हुए नुकसान का आंकलन किया।

अलग-अलग सात बीघा फसल जली
पुरवा। शीतलगंज निवासी राजकिशोर व रमेश के खेतों मे सोमवार दोपहर आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। इस दौरान करीब डेढ़ बीघा फसल जल गई। दूसरी आग की घटना गोकुलखेड़ा निवासी कमलेश के खेतों से निकली हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से हुई। ग्रामीण जब तक बिजली विभाग के अफसरों को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति ठप कराते करीब डेढ़ बीघा फसल जल गई। क्षेत्रीय लेखपालों ने मौके पर पहुंच नुकसान का आंकलन किया है। देर शाम मौरावां में अलग-अलग स्थानों पर लगी आग से करीब चार बीघा गेहूं की फसल जल गई।

एचटी लाइन से पांच बीघा फसल राख
चकलवंशी। माखी थाना क्षेत्र में अलग-अलग गांव में हाईटेंशन लाइन से आग लग गई। तेज हवा के झोंके से आग ने विकराल रुप ले लिया। कई गांवों के लोगों की घंटो की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान करीब पांच किसानों की लगभग पांच बीघा फसल जल गई।

पावा निवासी रामेश्वर की सवा बीघा, द्वारिका की एक बीघा, रामनरायन व रामप्रसाद की दस-दस बिसुवा फसल जली है। दूसरी घटना मेथीटीकुर निवासी विष्णुपाल सिंह के खेतों पर हुई। यहां भी जर्जर विद्युत लाइन फसल की बर्बादी का कारण बना। उधर असोहा, पुरवा के रैकड़ गांव निवासी राजेश की दो बीघा गेहूं की फसल में आग लग गई। ग्रामीणों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।


औरास में 20 बीघा फसल जली
औरास। क्षेत्र के करौंदी गांव के खेतों में शाम 4 बजे गेहूं की फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप ले लिया। आग की लपटें और धुआं उठता देख ग्रामीण खेतों की तरफ  दौड़ पड़े। फायर ब्रिगेड व ग्रामीणों की घंटो मशक्कत के बाद आग शांत हो सकी। इस दौरान राम औतार, राम स्वरूप, घनश्याम, इंद्रजीत, रफीक व शंकर की लगभग 20 बीघा फसल जलकर राख हो गई। तहसीलदार अनिल कुमार ने मौके पर पहुंच नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट तैयार की है। इस दौरान एसओ संजय पांडेय भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed