उन्नाव। शहर के मोहल्ला शेखवाड़ा में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद डीएम के निर्देश पर एक किमी क्षेत्र को 30 अप्रैल तक सील कर दिया गया है। इस दौरान 27 मोहल्लों की करीब 30 हजार की आबादी को घर में क्वारंटीन किया गया है। किसी को घर से न निकलने की हिदायत दी गई है। एक किमी के दायरे में आने वाली बैंक, सब्जी मंडी व राशन दुकानें व मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। अलग रास्तों में 19 बैरियर लगाए गए हैं। पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी को यहां आने या जाने न दिया जाए। पुलिस टीमें जमाती की ट्रैवल हिस्ट्री व उसके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटा रही है।
मोहल्ला शेखवाड़ा में जिस घर में जमाती रह रहा था उसके एक किमी दायरे में बुधवारी, कसाई चौराहा, किला, छिपियाना, तालिब सरांय, दुपुरापुर, एबीनगर, कासिफ अली सरांय, कंजी, मुल्लनतरफ, कहारों का अड्डा, भूरी देवी, गिरजाबाग, चौधराना, अब्बासबाग, ककरहा बाग, पंजाबी कॉलोनी, एबीनगर उत्तरी, शाहगंज, कचौड़ी गली, धवन रोड, छोटी सरांय, पड़ाव सरांय, बीच की सरांय, जेरधुस शामिल हैं। इन मोहल्लों में आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। सीओ यादवेंद्र यादव ने कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्र के साथ इन मोहल्लों में भ्रमण कर माइक के जरिए लोगों से घरों से न निकलने की अपील की।