उन्नाव। स्वास्थ्य कर्मियों के 500 किलोमीटर से अधिक दूरी पर स्थानांतरण के विरोध में दस दिन से हड़ताल पर चल रहे स्वास्थ्य कर्मी बुधवार को काम पर वापस लौट आए। सीएमओ कार्यालय में कर्मचारियों के काम करने से योजनाओं के संचालन में भी तेजी आई। कई दिनों से स्वास्थ्य प्रमाणपत्र के लिए भटक रहे लोगोें ने राहत की सांस ली।
स्वास्थ्य कर्मियों के स्थानांतरण में हुई मनमानी को लेकर यूपी मेडिकल एंड पब्लिक हेल्थ मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने 19 जुलाई से विरोध प्रदर्शन शुरू किया था। इसमें सीएमओ कार्यालय के 60 स्वास्थ्य कर्मी शामिल थे। स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल के कारण जननी सुरक्षा योजना, स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, डिस्पैच, आशा कार्यकर्ता भुगतान व वेतन के साथ कोषागार संबंधी काम रुके थे। वहीं दिव्यांगों को प्रमाणपत्र बनवाने में भी दिक्कतें आ रही थीं। लखनऊ में स्वास्थ्य महानिदेशालय का घेराव करने के बाद भी जब बात नहीं बनी तो बुधवार को स्वास्थ्य कर्मी हड़ताल समाप्त कर वापस काम पर लौट आए। सीएमओ डॉ. सत्यप्रकाश ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों के काम पर वापस लौटने से रुके हुए सभी कामों का संचालन शुरू कर दिया गया है।