अचलगंज। हड़हा मार्ग पर चार माह पहले नाले में मिले कोल्डड्रिंक्स एजेंसी के लोडर चालक के शव की घटना में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर एजेंसी संचालक व उसके दो कर्मचारियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस के कार्रवाई न करने पर कोर्ट की शरण ली थी।
कस्बा निवासी 28 वर्षीय राजू हड़हा मार्ग पर स्थित अरुण बाजपेई की कोल्डड्रिंक्स एजेंसी का लोडर चलाता था। 28 जुलाई को उसका शव एजेंसी के बगल से निकले नाले में मिला था। मृतक राजू के पिता के अनुसार घटना के बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि हत्या से दो दिन पहले पगार न देने को लेकर एजेंसी संचालक व दो कर्मचारियों से बेटे की कहासुनी हुई थी। इस पर उन्होंने जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने जांच का हवाला देकर टरका दिया। इस पर न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। न्यायालय के आदेश पर गुरुवार को पुलिस ने एजेंसी के संचालक अरुण बाजपेई, उनके दो कर्मचारी कस्बा निवासी रामकुमार व जय सिंह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। मृतक के पिता के अनुसार एजेंसी संचालक अरुण बाजपेई भाजपा के सिकंदरपुर के मंडल अध्यक्ष अजय बाजपेई के बड़े भाई है। इस कारण उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी। कार्यवाहक थाना प्रभारी राजेश दीक्षित ने बताया कि तीन लोगों पर हत्या व धोखाधड़ी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।