पुरवा। साइकिल से जा रहे दंपती को बाइक सवार लुटेरों ने पाउडर फेंक कर बेहोश कर दिया। इसके बाद नवविवाहिता के जेवर लेकर भाग निकले। होश आने पर दंपती ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी।
ग्राम त्रिपुरारपुर निवासी शिव सहाय का विवाह दो माह पूर्व हिम्मतखेड़ा निवासी प्रीति से हुआ था। शनिवार दोपहर शिव सहाय पत्नी प्रीति को साइकिल से मानदाताखेड़ा निवासी पत्नी के मामा राकेश के यहां जा रहे थे। ग्राम ऊंचगांव किला स्थित शिवजी के मंदिर के पास पीछे से बाइक सवार दो युवक आए और साइकिल के बराबर गाड़ी लगाकर सफेद रंग का पाउडर दंपती के ऊपर फेंक दिया। इससे दंपती कुछ दूर जाकर बेहोश हो गए। इसके बाद लुटेरे नवविवाहिता की बाली, मंगलसूत्र, कान के टॉप्स, पायल और जेब में पड़े पांच सौ रुपये लेकर भाग निकले। 10 मिनट बाद होश आने पर नवविवाहिता ने अपने जेवर गायब देखे तो उसके होश उड़ गए। घटना की जानकारी होने पर कोतवाली प्रभारी अजय त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। सीओ विक्रमाजीत सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है।