अचलगंज। लखनऊ में वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की 86 नगर पंचायतों के भवनों का शिलान्यास किया। इसमें नवगठित अचलगंज नगर पंचायत भी शामिल रही। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का अचलगंज नगर पंचायत के एक गेस्ट हाउस में सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस दौरान विधान सभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने घोषणापत्र के सारे वादे पूर कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की सभी नगर पंचायतें निरंतर विकास की ओर अग्रसर हैं। एक जमाने में बिजली कनेक्शन जैसे छोटे से काम के लिए भी अधिकारियों के पास चक्कर लगाते थे। आज अधिकारी स्वयं हमारे दरवाजे पर आ रहे हैं। सरकार ने अपने घोषणापत्र में किए गए सभी वादे पूरे किए हैं। 27 वर्ष बाद नहरों में नियमित पानी आया है। बिजली की समस्या खत्म हुई। भाजपा नेता अरुण दीक्षित ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को गिनाया। डीएम रवींद्र कुमार ने कोविड टीकाकरण के बारे में जानकारी दी। उन्होंने धान की फसल के अवशेष न जलाने को कहा। अपील की कि पराली के बदले गोशालाओं से गोबर की खाद लें। एसपी दिनेश त्रिपाठी, सीडीओ दिव्यांशु पटेल, एसडीएम सत्यप्रिय सिंह, अधिशासी अधिकारी राजेश दुबे, बीघापुर चेयरमैन गोविंद नारायण शुक्ल, अजय बाजपेई, आनंद अवस्थी, सिद्धार्थ दीक्षित, मुकुट द्विवेदी, राजन शुक्ल, विद्या भाष्कर द्विवेदी मौजूद रहे।