{"_id":"f4a013fd78ec009a57fe6af04d5ce3b1","slug":"block-pramukh-son-and-the-toll-plaza-personnel-fracas-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"ब्लाक प्रमुख के बेटे और टोल प्लाजा कर्मियों में मारपीट ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ब्लाक प्रमुख के बेटे और टोल प्लाजा कर्मियों में मारपीट
ब्यूरो/अमर उजाला, उन्नाव
Updated Mon, 01 Jun 2015 11:49 PM IST
विज्ञापन
उन्नाव। नवाबगंज ब्लाक प्रमुख माया देवी के बेटे व उसके समर्थकों के साथ रविवार रात हाइवे स्थित टोल टैक्स बैरियर के कर्मियों से मारपीट हो गई। ब्लाक प्रमुख के बेटे की कार का चालक टोल प्लाजा पर टैक्स न देने की बात पर अड़ा था। कर्मचारी ने विरोध किया तो विवाद हो गया। घटना के बाद प्लाजा कर्मी ने ब्लाक प्रमुख के पुत्र, ड्राइवर और अन्य पर मारपीट और केबिन में घुसकर लूटपाट करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
ब्लाक प्रमुख माया देवी के पुत्र धीरेंद्र प्रताप सिंह का सोहरामऊ निवासी चालक दुर्गेश सिंह गाड़ी लेकर घर जा रहा था। टोल प्लाजा पर कर्मी ने टैक्स जमा करने के लिए रोका और रुपये न देने पर गाड़ी खड़ी करा ली। दुर्गेश ने धीरेंद्र प्रताप सिंह को फोन कर इसकी सूचना दी।
विज्ञापन
इस पर धीरेंद्र कुछ और लोगों के साथ टोल प्लाजा पहुंचे तो चालक दुर्गेश ने टोल कर्मी विनय कुमार निवासी करहल जनपद मैनपुरी से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद टोल प्लाजा कर्मी भी हमलावर हो गए और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। घटना के बाद दोनों पक्षों में सुलह-समझौते के प्रयास शुरू हो गए। सोमवार को दिनभर चली कवायद के बाद भी बात नहीं बनी औैर टोल प्लाजा कर्मी विनय कुमार की तहरीर पर पुलिस ने ब्लाक प्रमुख के पुत्र धीरेंद्र प्रताप सिंह, ड्राइवर दुर्गेश सिंह व अन्य पर लूट और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है।
विज्ञापन
अजगैन थाना के प्रभारी निरीक्षक वीके मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर घटना की तफ्तीश की जा रही है। टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरे और घटना के समय मौजूद रहे कर्मचारियों तथा आसपास के अन्य लोगों से पूछताछ करने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, ब्लाक प्रमुख के पुत्र धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है। वह लखनऊ जा रहे थे। रास्ते में जानकारी मिली तो वह टोल प्लाजा पर रुके और अपने चालक को डांटकर समझाया। रात में चालक और टोल प्लाजा कर्मी ने एक दूसरे से अपनी गलती मानकर मामला भी खत्म कर दिया था। राजनीतिक विरोधियों की शह पर यह रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।