ब्लॉक प्रमुख पदों पर सपा का परचम लहराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ब्लाक प्रमुख पदों पर सपा ने जीत का परचम लहराया। जिले के 16 ब्लाकों में 10 पर सपा प्रत्याशियों के सिर प्रमुख का ताज बंधा। पांच ब्लाकों में निर्विरोध प्रमुख होने के चलते रविवार को 11 सीटों के लिए हुए चुनाव में पांच सीटों पर सपा प्रत्याशियों ने कब्जा जमाया। जबकि दो सीटें बसपा के खाते में आईं। शेष चार सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपना लोहा मनवाया। देरशाम कलेक्ट्रेट में निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने सभी जीते प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र दिए। इस दौरान उम्मीदवारों के चेहरे पर जीत की खुशी देखी जा सकती थी।
जिले में ब्लाक प्रमुख की कुल 16 सीटों में पांच पर पहले ही सपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। शेष 11 सीटों पर रविवार को वोटिंग हुई। सुबह 11 बजे विकास खंडों में मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। जैसे-जैसे सूरज चढ़ता गया बीडीसी वोटर मतदान स्थल पहुंचे। दोपहर तीन बजे मतदान प्रक्रिया पूरी हुई। इसके बाद बक्सों को सील किया गया। कुछ देर बाद वोटों की गिनती शुरू हुई। करीब 15 मिनट बाद ही कुछ ब्लाकों में गिनती पूरी होने के बाद परिणाम जारी किए जाने लगे। नवाबगंज में सपा समर्थित अरुण सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रवि प्रताप सिंह को 29 मतों से शिकस्त दी। वहीं बिछिया में निर्दलीय उम्मीदवार मुन्नी देवी ने रमाकांती को 11, बीघापुर में निर्दलीय सुनीता ने सपा की सावित्री देवी को पांच, सुमेरपुर में सपा की सीमा बाजपेई ने अरुण शुक्ला को 22, पुरवा में सपा के शिवबहादुर पटेल ने गोवर्धन को 35 वोटों से हराकर प्रमुख सीट पर कब्जा जमाया। इसी तरह बांगरमऊ में बसपा की सुनीता दिवाकर ने उजमा बेगम को 68, सरोसी में निर्दलीय अजयपाल ने सपा के वीरेंद्र को 10, कर्ण में सपा समर्थित पुष्पा यादव ने सीता देवी को 39, हिलौली में सपा के नीरज यादव ने रामचंद्र को 30, हसनगंज में निर्दलीय सोना रावत ने सपा की सुनीता को 61 और मियागंज में बसपा के आकाश कुरील ने सपा के फूलचंद्र को 53 मतों के बड़े अंतर से हराया। इससे पहले शुक्रवार को नामांकन के दौरान ही सपा समर्थित प्रत्याशी असोहा से राजकुमार रावत, गंजमुरादाबाद से संध्या कनौजिया, फतेहपुर चौरासी से डॉ. निदा परवीन, औरास से पुष्पा पत्नी कौशलेंद्र व सफीपुर से रमा सिंह निर्विरोध प्रमुख चुनी जा चुकी हैं। देरशाम डीएम सौम्या अग्रवाल ने कलेक्ट्रेट में आए नवनिर्वाचित प्रमुखों को जीत का प्रमाणपत्र दिया।