सोनिक। वेतन विसंगतियों समेत अन्य मांगों को लेकर राज्य विद्युत परिषद प्राविधिक कर्मचारी संघ के बैनर तले सभी विद्युत तकनीशियनों (टीजी-2) ने दूसरे दिन भी कार्य बहिष्कार के साथ धरना दिया। डीएम व अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन देकर मांगें पूरी करने के लिए कहा।
विद्युत तकनीशियन दही चौकी स्थित विद्युत वितरण मंडल अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर मंगलवार सुबह 10 बजे एकत्रित हुए। यहां पर मध्यांचल उप महासचिव वीरेंद्र प्रताप सिंह व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने कहा कि तकनीशियनों को 4200 ग्रेड पे के साथ पहला टाइम स्केल अवर अभियंता, दूसरा सहायक अभियंता और तीसरा अधिशाषी अभियंता का दिया जाए। पदोन्नति 40 प्रतिशत कोटे को ध्यान में रखते हुए की जाए। कहा कि अभी सिर्फ दो दिवसीय ही कार्य बहिष्कार किया गया है। इसके बाद भी यदि मांगे नहीं मानी गई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यवाहक अध्यक्ष अजय कुमार भारती, अमित भारतीय, रोहित सिंह, भीष्म देव, अनुराग अवस्थी, गोपाल पांडेय मौजूद रहे।