'सपा की रैली का बहिष्कार करें मुस्लिम'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा नेताओं द्वारा सांप्रदायिक दंगा विरोधी बिल का राज्यसभा में विरोध करने पर उलेमा की नाराजगी ओर बढ़ गई है। उलेमा पहले ही मुजफ्फरनगर में हुए सांप्रदायिक दंगे के बाद सपा सरकार से नाराज चल रहे।
खफा उलेमा ने मुसलमानों से 11 फरवरी को सहारनपुर में होने वाले सपा की रैली का बायकाट करने का आह्वान किया है।
ऑल इंडिया मजलिस उलेमा और मजलिस इत्तिहाद-ए मिल्लत ने प्रेस कांफ्रेंस करके सपा पर हमला बोला।
'मुस्लिमों को गुमराह कर रही है सपा'
ऑल इंडिया मजलिस उलेमा के महासचिव मौलाना कारी रहीमुद्दीन कासमी ने कहा कि सपा नेताओं ने राज्यसभा में सांप्रदायिक दंगा विरोधी बिल का विरोध करके अपनी सांप्रदायिक सोच का परिचय दिया है।
कारी रहीमुद्दीन ने कांशीराम कॉलेज का नाम बदलकर शेखुल हिंद के नाम पर किए जाने को लेकर कहा कि सपा दलित और मुसलमानों को आपस में लड़ाना चाहती है और शेखुल हिंद के नाम पर मुस्लिमों को गुमराह कर रही है।
उन्होंने मुसलमानों से आह्वान किया कि वे 11 फरवरी को सपा की रैली का बायकाट करें।
'चुनाव में सपा भुगतेगी खामियाजा'
मजलिस इत्तिहाद-ए मिल्लत के महासचिव अथर उस्मानी ने कहा कि सपा मेडिकल कॉलेज के नाम पर जो सियासत कर रही है, उसका विरोध किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 11 फरवरी को सपा की रैली में शामिल होने के बजाय मुसलमान काले रीबन बांधकर सपा का विरोध करें। उस्मानी ने कहा कि दंगों की नाराजगी और मुसलमानों से किए वादे पूरे न करने का खामियाजा सपा को चुनाव में भुगतना पड़ेगा।
इस मौके पर मौलाना महमूद कासमी, मौलाना तारिक कासमी और मौलाना इब्ने साकिब आदि मौजूद रहे।
सहारनपुर में हो रही सपा रैली की तैयारी
सहारनपुर-अंबाला हाईवे पर मेडिकल कॉलेज के सामने के मैदान पर होने वाली रैली में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव आठ फुट ऊंचे मंच पर बैठेंगे।
बारिश के बाद की अड़चनों के बावजूद तीन दिन से इस खास मंच के लिए पूरा अमला जुटा हुआ है। इस तैयारी में जुटे एक इंजीनियर ने बताया कि मजबूत और ऊंचे डायस को इसलिए तैयार किया गया है ताकि मुख्यमंत्री और सपा सुप्रीमो रैली में उमड़ने वाली भीड़ को दूर-दूर तक देख सकेंगे।
मंच का आकार 25 बाय 60 फुट का है। इसके साथ दो अन्य कम आकार के मंच तैयार होंगे।
रैली का हो रहा हाईटेक प्रचार
लखनऊ से एक बड़ी वैन के बराबर में वाइड डिस्पले स्क्रीन के माध्यम से रैली का हाईटेक प्रचार किया जा रहा है। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज के पास लगने वाले शिलापट के शिलान्यास समारोह को भी पूरी तरह से तकनीकी रूप दिया जा रहा है। इसकी ऑपनिंग रिमोट के साथ कराने की तैयारी है।
रह न जाए कोई चूक...
रैली की तैयारियों में कोई चूक न रह जाए। इसके लिए कमिश्नर तनवीर जाफर अली, डीएम अजय कुमार सिंह, डीआईजी रघुबीर लाल, एसएसपी उपेंद्र अग्रवाल, नगर आयुक्त डा. नीरज शुक्ला समेत अन्य अफसर जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने तैयारियों में जुटे सरकारी अमले को जरूरी दिशा निर्देश दिए।