{"_id":"5807a6304f1c1b716b704569","slug":"two-lakh-people-face-jaam-full-day","type":"story","status":"publish","title_hn":"दो लाख आबादी ने दिनभर झेला जाम ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दो लाख आबादी ने दिनभर झेला जाम
Amar ujala Bureau
Updated Wed, 19 Oct 2016 10:32 PM IST
विज्ञापन
रास्ता बंद होने से दिक्कतें
- फोटो : अमर उजाला
शहर में कुड़वार रोड पर बनाए जा रहे 33 बी ओवर ब्रिज के पिलर निर्माण के लिए बुधवार को मुख्य मार्ग बंद कर दिए जाने से समस्या खड़ी हो गई। आवागमन के लिए पर्याप्त वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था किए बिना ही मुख्य मार्ग बंद करने से पहले ही दिन लोग दिन भर जाम से जूझते रहे। इस मार्ग से तकरीबन दो लाख आबादी जुड़ी है। अचानक सेतु निगम की ओर से मुख्य मार्ग बंद करने से लोग सांसत में आ गए हैं। चार पहिया वाहनों के लिए और परेशानी खड़ी हो गई है।
विज्ञापन
शहर में एसपी आवास के पास बनाए जा रहे 33बी ओवर ब्रिज का अब शुरू होने जा रहा निर्माण लोगों के लिए आवागमन का संकट खड़ा कर दिया है। पुलिस लाइंस के पास पिलर निर्माण के लिए बुधवार को बिना पर्याप्त वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था दिए सेतु निगम की ओर से मुख्य मार्ग बंद कर देने से समस्या खड़ी हो गई है। मुख्य मार्ग बंद होने से पहले ही दिन लोग जाम से परेशान हो उठे।
विज्ञापन
करौंदिया के संगमलाल विद्यालय के पास से गुजरने वाला मार्ग संकरा होने से दिन भर लोग जाम से जूझते रहे। लोगों का पैदल निकलना मुश्किल हो गया। मुख्य मार्ग बंद होने एवं पर्याप्त वैकल्पिक मार्ग के अभाव से सबसे बड़ी समस्या कुड़वार, बल्दीराय, पारा, इसौली आदि की ओर से शहर आने वाले चार पहिया वाहनों के लिए हो गई है। संगमलाल विद्यालय के सामने से गुजरने वाला मार्ग अत्यंत संकरा होने से व दो पहिया वाहनों के दबाव से वे शहर में नहीं घुस पा रहे हैं। इस मार्ग पर करीब दो लाख आबादी आवागमन से जुड़ी है। ऐसे में लोगों के सामने समस्या खड़ी हो गई है।
विज्ञापन