सुल्तानपुर। शिकायतों के निस्तारण के समय अब राजस्व व पुलिस विभाग को वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी करानी होगी। इसके साथ ही दोनों पक्षों का बयान दर्ज करके रिपोर्ट एसडीएम को उपलब्ध कराकर निस्तारण करना होगा। संपूर्ण तहसील समाधान दिवस में बढ़ती शिकायतों के मद्देनजर डीएम ने इसका निर्देश दिया है।
सदर तहसील में शनिवार को जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस पर सुनवाई के दौरान डीएम के सामने करीब 150 प्रकरण विभिन्न विभागों के आए। इसमें राजस्व विभाग की सर्वाधिक 91, पुलिस की 24, विकास की 10, समाज कल्याण की दो व अन्य विभागों के 23 प्रार्थना पत्र आए। सूत्रों के मुताबिक डीएम को जानकारी मिली कि शिकायतों के निस्तारण में जिम्मेदार कुछ फर्जी रिपोर्ट लगाकर उसका निस्तारण दिखा दे रहे हैं। ऐसे में पीड़ित दोबारा प्रार्थना पत्र लेकर आ रहे हैं। शिकायतों की बढ़ती संख्या व निस्तारण में खामियों को देखते हुए डीएम ने जनशिकायतों के निस्तारण में वीडियो व फोटोग्राफी कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही दोनों पक्षों का बयान दर्ज करने का भी निर्देश दिया। सुनवाई के दौरान कुल आए 150 प्रार्थना पत्रों में 12 के निस्तारण का दावा विभागों की ओर से किया गया। शेष 138 शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया। शिथिलता पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।