सुल्तानपुर। झूठ बोलकर सत्ता में आई भाजपा का जाना तय है। लोग महंगाई से परेशान हैं। बेरोजगार नौजवानों को रोजगार नही मिल रहा है। ये बातें बृहस्पतिवार को इसौली विधानसभा क्षेत्र के पारा बाजार में आयोजित समाजवादी पार्टी की जनसभा में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री आरके चौधरी ने कहीं।
पूर्व मंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार के झूठ बोलने की राजनीति को अब प्रदेश की जनता पूरी तरह समझ चुकी है। जनता आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित कर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुकी है। भाजपा की सरकार झूठे वादों पर बनी थी, जिसे जनता ने महसूस कर लिया है। अब जनता इनकी झूठ का पर्दाफाश करने को तैयार है। जनता अब बीजेपी के झूठ और फरेब के झांसे में आने वाली नहीं है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे इसौली विधायक अबरार अहमद ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में सिंचाई सुविधाएं, युवाओं को रोजगार, बेरोजगारी भत्ता, लैपटॉप वितरण, कन्या विद्या धन जैसी योजनाओं से लाभान्वित किया गया था।