हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंजे शिवालय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महाशिवरात्रि का पर्व जिले में पूरी श्रद्घा व उत्साह के साथ मनाया गया। शुक्रवार की सुबह से ही शिवालयों व मंदिरों पर श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया, जो देर शाम तक चला। शहर में सीताकुंड घाट के पास स्थित पारिजात वृक्ष आदि गंगा गोमती घाट स्थित सीताकुंड धाम, वेदांती आश्रम, अन्नपूर्णा मंदिर, शाहगंज स्थित नागेश्वरनाथ धाम मंदिर, रामलीला मैदान स्थित शिवमंदिर, स्टेशन रोड स्थित नयना देवी मंदिर, विनोबापुरी के महाकालेश्वर मंदिर, नयानगर स्थित शिवमंदिर, चौक स्थित हनुमानगढ़ी व रुद्रनगर स्थित हनुमान मंदिर समेत विभिन्न शिव मंदिरों पर रुद्राभिषेक के लिए शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
महिलाओं ने अपने पतियों की लंबी उम्र के लिए महाशिवरात्रि का व्रत रखा। युवतियों ने अच्छे वर की कामना के साथ निर्जल व्रत रखा। भक्तों ने शिवलिंग पर दूध, जल, पुष्प, बेलपत्र, भांग धतूरा, आम का बौर, बैर व जौ की बाली चढ़ाकर विधिवत पूजा-अर्चना की। कई मंदिरों पर दिन भर हवन व रुद्राभिषेक का कार्यक्रम चला। देर शाम तक शिवालय बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा। शिवरात्रि पर्व पर शिवालयों के बाहर कई स्थानों पर मौजूद सपेरों के सांपों को श्रद्धालुओं ने श्रद्धा व विश्वास के साथ दूध पिलाया। महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर शिवालयों पर पुलिस बल तैनात रहा। उधर, पारिजात वृक्ष की पूजा अर्चना करने के बाद युवतियों ने सेल्फी भी ली। शहर में कई प्रमुख मंदिरों के सामने राहगीरों को शर्बत वितरित किया गया।
दूबेपुर विकास क्षेत्र के फतेहपुर गांव में स्थित शिव मंदिर में शुक्रवार को महाशिवरात्रि पर्व पर भोर से ही जलाभिषेक कार्यक्रम शुरू हो गया। महिला-पुरुष भक्तों ने शिवलिंग पर बेलपत्र, भांग, धतूरा, बेर, आम का बौर, जौ की बाली, गन्ना आदि अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। दोपहर करीब 12 बजे गांव की महिलाओं व युवतियों ने शिव स्तुति कर घर-परिवार में खुशहाली की कामना की। देर शाम मंदिर परिसर में ओम नम: शिवाय का जाप शुरू हुआ। करीब दो घंटे तक चले अखंड पाठ के बाद भगवान शिव को भांग मिश्रित शर्बत चढ़ाया गया।