फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Sultanpur News ›   Holika Dahan will be held at 1924 places today

1924 स्थानों पर आज होगा होलिका दहन

Wed, 16 Mar 2022 11:51 PM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Wed, 16 Mar 2022 11:51 PM IST
विज्ञापन
Holika Dahan will be held at 1924 places today
सुल्तानपुर। जिले में गुरुवार की रात 1924 स्थानों पर होलिका दहन होगा। शुक्रवार को रंग खेला जाएगा। होली को लेकर पुलिस व प्रशासन सतर्क हो गया है। घरों में होली की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। गुरुवार से कार्यालयों में छुट्टी को देखते हुए होली के सामान की खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़ लगी रही। लोगों ने कपड़े, चिप्स, पापड़, मिठाइयां, बच्चों के लिए रंग-बिरंगी पिचकारी व अबीर-गुलाल की जमकर खरीदारी की।
विज्ञापन

वैसे तो जिले में होली की तैयारी एक माह पहले ही शुरू हो जाती है। वसंत पंचमी के दिन प्रतीक स्वरूप चौराहों और तिराहों पर होलिका स्थापित कर दी जाती है। एक महीने बाद फाल्गुनी पूर्णिमा के दिन शुभ मुहूर्त में होलिका का दहन किया जाता है। गुरुवार को होलिका दहन व शुक्रवार को रंगों के त्योहार देखते हुए बुधवार को शहर व ग्रामीण अंचल के बाजारों में लोगों की भीड़ लगी रही। घर के बड़े-बुजुर्गों ने बच्चों के लिए उनकी पसंद की पिचकारियां, कपड़े, टोपी व रंगों की खरीदारी की। सुबह से शाम तक किराना व मिष्ठान आदि की दुकानों पर खरीदारों का जमावड़ा लगा रहा।
विज्ञापन

ज्योतिषाचार्य पं. राम किशोर त्रिपाठी के मुताबिक विधि-विधान से होलिका दहन करना फलदायी होता है। ऐसा करने वाले लोग भगवान विष्णु की कृपा के पात्र होते हैं। त्योहार को सद्भाव व शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए इस बार भी प्रशासन व पुलिस की ओर से जिले में 1924 स्थान होलिकादहन के लिए चिह्नित किए गये हैं। प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक कोतवाली नगर क्षेत्र में 106 जगहों पर होलिका का दहन किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

लंभुआ थाना क्षेत्र में सबसे अधिक 194 जगहों पर होलिका दहन होगा। सबसे कम हलियापुर थाना क्षेत्र में 22 स्थानों को होलिका दहन के लिए चिह्नित किया गया है। पुलिस प्रशासन के मुताबिक जिले में कोई भी होलिका दहन स्थल संवेदनशील नहीं है। इसके बाद भी एहतियात के तौर पर भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की तैनाती की गई है।
शहर में शाहगंज चौराहा, डाकखाना चौराहा, कुड़वारनाका, चौक, विवेकनगर, बढ़ैयावीर, सीताकुंड, गभड़िया, दरियापुर तिराहा, करौंदिया समेत कई प्रमुख स्थानों पर होलिका जलाई जाती है। होलिका दहन के लिए कई स्थानों पर लकड़ियों का ढेर भी लग गया है। इसके अलावा शहर के 25 वार्डों में भी होलिका दहन किया जाता है। यही हाल ग्रामीण क्षेत्रों का भी है। गांव के उत्साही युवा व बच्चे घर-घर पहुंच होलिका जलाने के लिए लकड़ी मांग रहे हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत के सभी पुरवों में होलिका दहन किया जाता है।
रंगों के पर्व होली में अभी भले ही दो दिन बाकी हों लेकिन स्कूलों व कोचिंग सेंटरों में छुट्टी के बाद नौनिहालों ने जमकर होली खेली। कुड़वार क्षेत्र के बहुबरा जूनियर हाई स्कूल में शिक्षकों ने छात्र और छात्राओं के साथ होली खेली। छात्र और छात्राओं ने गुरुजनों का तिलक करने के बाद साथियों से गले मिलकर उन्हें होली की बधाई दी तथा पर्व में घर आने का न्योता दिया। गुरुजनों ने बच्चों को होली में हुड़दंग न कर प्रेम व सौहार्द से खुशियां मनाने की सीख दी। शहर व ग्रामीण इलाकों में स्थित स्कूलों में होली की छुट्टी होने के बाद बच्चे व गुरुजन पूरे रंग में दिखे।
पं. रमाकांत पांडेय कहते हैं कि होलिका दहन से पहले उसकी पूजा की जाती है। होलिका के चारों तरफ जल लेकर लोग परिक्रमा करते हैं। लकड़ियों का ढेर लगा कर होलिका पूजन किया जाता है। इसके बाद ‘ऊं होलिकायै नम:’ का उच्चारण कर होलिका में आग लगाई जाती है।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि त्रिपाठी ने बताया कि होली पर ऑर्गेनिक रंगों का इस्तेमाल करें। केमिकल युक्त रंगों से बचें। सूखे रंग से परहेज करें। अगर चेहरे और आंख में सूखा रंग पड़ गया तो उसे साफ पानी से धुलें। आंखों को मसलें नहीं। आंखों के मसलने से कॉनिया पर घाव हो सकता है। अगर दिक्कत अधिक हो तो आंख के किसी डॉक्टर से संपर्क करें।
ब्यूटीशियन आस्था सिंह कहती हैं कि रंगों से चेहरे को सबसे ज्यादा नुकसान होता है। इससे लोगों को परेशान नहीं होना चाहिए। बस कुछ जरूरी एहतियात बरतने की आवश्यकता है। रंगों से चेहरे को बचाने के लिए पिसा हरा पपीता, आटा और शहद का पेस्ट चेहरे पर लगाकर दस मिनट के लिए छोड़ दें। बाद में पानी से चेहरा धो लें। गाढ़े रंग को छुड़ाने के लिए कच्चे पपीते को दूध में फेंट कर मुल्तानी मिट्टी और थोड़ा सा बादाम का तेल मिला लें। इस मिश्रण को चेहरे पर आधे घंटे तक लगा रहने दें फिर पानी से धो डालें।
डॉ. अशोक गुप्ता के मुताबिक रंगों के त्योहार होली में कोलतार व कीचड़ आदि का प्रयोग न करें। गुब्बारे में रंग भरकर दूसरों पर न फेंके। इससे चोट लगने व आंखों को खतरा रहता है। किसी के साथ अश्लील मजाक न करें। शराब पीकर हुड़दंग न करें। इससे होली का मजा किरकिरा हो जाता है। रंग खेलते समय यदि कोई बीमार व्यक्ति को दिखाने अस्पताल जा रहा हो तो उसे जाने दें और उसके ऊपर रंग न डालें।
डीआईजी/पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि होली के त्योहार को लेकर पुलिस विभाग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। होलिका दहन व संवेदनशील स्थलों पर पुलिस तैनात रहेगी। इस बार पैरामिलिट्री फोर्स भी उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि होली पर प्रमुख चौराहों पर पुलिस मुस्तैद रहेगी। हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
होली पर्व पर आपातकालीन सेवा के लिए स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह अलर्ट है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एससी कौशल ने बताया कि होली के दिन जिला अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड में डॉ. एलके मिश्रा, डॉ. अफसार व डॉ. रिजवान की ड्यूटी लगाई गई है। होली के दिन 108 एंबुलेंस भी अपने प्वॉइंट पर मौजूद रहेगी। जिला अस्पताल में आपातकालीन स्थिति के लिए दो एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। एक वार्ड आरक्षित किया गया है।
होली के दिन जिले में निर्बाध विद्युत आपूर्ति रहेगी। शासन के आदेश पर अधीक्षण अभियंता धीरज सिन्हा ने पांचों अधिशाषी अभियंताओं को होली के दिन निर्बाध बिजली आपूर्ति का निर्देश दिया है। उन्होंने उपकेंद्रों पर अवर अभियंताओं व सहायक अभियंताओं समेत अन्य कर्मचारियों को रहने का निर्देश दिया है। लाइन में कहीं फॉल्ट आने पर उसे तुरंत दुरुस्त कराने का निर्देश दिया है।
शुक्रवार को होली के दिन शहर में नगर पालिका की ओर से प्रमुख चौराहों पर पानी के 49 टैंकर मौजूद रहेंगे। आठ टैंकर नगर पालिका के हैं, शेष 41 टैंकर किराए पर लिए गए हैं। दिन भर 25 वार्डों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति की भी व्यवस्था रहेगी। जलकल के अवर अभियंता पंकज वर्मा ने बताया कि होली के दिन निर्बाध जलापूर्ति की व्यवस्था रहेगी। सफाई निरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि शहर में नगर पालिका की ओर से होलिका दहन स्थल पर साफ-सफाई व चूने का छिड़काव करा दिया गया है।
होली का त्योहार सभी लोग प्रेम व सौहार्द पूर्वक मनाएं। त्योहार मनाते हुए कोविड गाइडलाइन का जरूर ख्याल रखें। सभी के सुख-समृद्धि की कामना है।
-रवीश गुप्ता, जिलाधिकारी
होली के त्योहार पर जिले वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। लोगों की सुरक्षा में पुलिस तत्पर है। प्रेम पूर्वक त्योहार मनाएं।
-विपिन कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक
रंगों का त्योहार होली प्यार व सद्भाव का प्रतीक है। इसमें भाईचारा व संबंधों को और मजबूत बनाएं।
-अतुल वत्स, मुख्य विकास अधिकारी
पुलिस उपमहानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार मिश्र और जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में होली व शबे-बारात को लेकर संभ्रांत व्यक्तियों व धर्मगुरुओं के साथ पीस कमेटी की बैठक की। बैठक में दोनों अधिकारियों ने मिल-जुलकर शांति व सौहार्द पूर्वक त्योहार मनाने की अपील की।

लोगों से अफवाहों व झूठी खबरों पर ध्यान न देने, अफवाहों को फैलने से रोकने तथा कोविड-19 के गाइडलाइनों का अनुपालन करने के बारे में भी जानकारी दी। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक विपुल कुमार श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि अजय जायसवाल, मौलाना अब्दुल लतीफ, सभासद दिनेश चौरसिया व निसार अहमद समेत कई लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed