सुल्तानपुर। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सरकारी व अर्ध सरकारी भवन तिरंगा झंडियों से सज गए हैं। हर तरफ गणतंत्र दिवस के जश्न का उल्लास है। बाजारों में तिरंगा झंडे की दुकानें सज गई हैं। पुलिस लाइंस में परेड की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। बृहस्पतिवार को सुबह से ही कार्यक्रमों की धूम रहेगी।
बृहस्पतिवार को गणतंत्र दिवस मनाने की तैयारियां सरकारी विभागों समेत संस्थानों व अन्य जगहों पर तेज हो गई हैं। राष्ट्रीय पर्व को देखते हुए कलेक्ट्रेट, नगर पालिका, चौक घंटाघर तिरंगा झंडों से सज गया है। जिला अस्पताल तिरंगा रोशनी से नहा उठा है।
गणतंत्र दिवस पर सुबह करीब आठ बजे नगर व ब्लॉकों पर स्थित शहीद स्तंभों की साफ-सफाई के बाद प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। कलेक्ट्रेट समेत सरकारी व अर्ध सरकारी भवनों पर सुबह साढ़े आठ बजे झंडारोहण होगा। राष्ट्रगान के बाद संविधान का संकल्प दिलाया जाएगा। साढ़े नौ बजे से पुलिस लाइंस में परेड का आयोजन होगा।
पुलिस लाइंस में आयोजन की तैयारियां शाम तक चलती रहीं। डीएम रवीश गुप्ता परेड की सलामी लेंगे। इसके बाद सांस्कृतिक समेत अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने गणतंत्र दिवस पर होने वाले कार्यक्रम को जारी करते हुए संबंधित की जिम्मेदारी तय कर दी है। पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है।
इसके साथ विभिन्न क्षेत्रों में अच्छा कार्य करने वालों को पुलिस लाइंस में आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कृृृत किया जाएगा। गांवों में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। शाम को पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में देश भक्ति पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।