प्रधान के पति ने मकान पर कब्जा करने को लगाई आग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर बुधवार को प्रधान के पति ने समर्थकों के साथ मकान पर कब्जा करने के लिए एक परिवार पर धावा बोल दिया। असलहों से लैस हमलावरों ने मकान में तोड़फोड़ करने के साथ ही बिस्तर में आग लगा दी और कीमती सामान उठा ले गए। पीड़ित पुलिस से मदद की गुहार लगाता रहा लेकिन कोई भी पुलिसकर्मी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने खुद मोर्चा संभाला। उनकी फटकार के बाद जागी पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर प्रधान के पति समेत 30 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एसडीएम ने पुलिस की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
लंभुआ कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर हाईवे किनारे स्थित शिव मंदिर के पास एक मकान है। इसमें कस्बा निवासी सिंगारी देवी पत्नी राममूर्ति यादव परिवार के साथ कई वर्षों से किराए पर रहती हैं। इस मकान का बैनामा बूधापुर की मौजूदा ग्राम प्रधान कुसुम सिंह व कस्बा निवासी विभव बरनवाल, रवि बरनवाल, सनत व अतुल (सभी सगे भाई ) ने काफी समय पहले कराया था। मकान पर कब्जे के लिए पूर्व में कई बार प्रयास किया गया था। बुधवार को दिन में करीब 11 बजे प्रधान पति सुशील सिंह व कस्बा निवासी विभव बरनवाल, रवि बरनवाल, सनत व अतुल 20-25 लोगों के साथ सिंगारी देवी के घर पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसते ही मकान के खिड़की दरवाजे तोड़ दिए।
बिस्तर व कपड़ों में आग लगा कर घर में रखे कीमती सामान ठेलिया पर लाद ले गए। पीड़िता कोतवाली पुलिस को सूचना देकर मदद की गुहार लगाती रही लेकिन कोई पुलिस कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। थक कर पीड़िता ने एसडीएम लंभुआ दिनेश कुमार गुप्ता से गुहार लगाई। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लिया और खुद ही घटनास्थल पर पहुंच गए। एसडीएम को देखते ही हमलावर फरार हो गए। एसडीएम की फटकार के बाद नींद से जागी पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने सिंगारी देवी की तहरीर पर प्रधान के पति समेत 30 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एसडीएम ने बताया कि स्थानीय पुलिस की भूमिका संदिग्ध है। मामले की जांच कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी। दूसरी तरफ, रवि कुमार बरनवाल ने भी राममूर्ति यादव समेत 15 लोगों के खिलाफ मकान में ताला तोड़ कर घुसने व लूटपाट का आरोप लगाया है।