{"_id":"127-70987","slug":"Sultanpur-70987-127","type":"story","status":"publish","title_hn":"विधायक से पीड़ित परिवार की गुहार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
विधायक से पीड़ित परिवार की गुहार
Sultanpur
Updated Thu, 12 Dec 2013 05:43 AM IST
विज्ञापन
अमेठी। रेप केस की विवेचना पर लगातार सवाल खड़े कर रहे पीड़ित परिवार ने बुधवार को विधायक से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। परिवार ने विवेचक पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए रेप के आरोपी सीओ को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। विधायक ने मदद का आश्वासन देते हुए कहा कि वह गुरुवार को मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें पूरे प्रकरण से अवगत कराएंगे। गत दो दिसंबर को मुसाफिरखाना के तत्कालीन सीओ विपुल कुमार श्रीवास्तव पर रेप का आरोप लगाने वाली किशोरी और उसके परिवारीजन बुधवार को स्थानीय विधायक राकेश प्रताप सिंह से मिले। उनके साथ 20-25 अन्य लोग भी थे। पीड़ित परिवार का कहना था कि आरोपी से अब तक पूछताछ न करने वाले विवेचक लगातार उन्हें ही तंग कर रहे हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जांच पड़ताल के नाम पर किए जाने वाले अधिकांश सवाल भी उसकी समझ से परे होते हैं। विवेचक ऐसे सवाल पूछकर उसे उलझाने की कोशिश करते हैं जिनका न कोई मतलब होता और न ही जांच से संबंध। पीड़ित परिवार का आरोप था कि घटना की विवेचना कर रहे एएसपी पूरे परिवार को हतोत्साहित करने में लगे हैं। परिवारीजनों ने सीओ को जल्द गिरफ्तार करने की विधायक से मांग भी की। विधायक ने उन्हें मदद का भरोसा दिलाते हुए कहा कि वह गुरुवार को मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें पूरे प्रकरण से अवगत कराएंगे।
विज्ञापन