{"_id":"127-70680","slug":"Sultanpur-70680-127","type":"story","status":"publish","title_hn":"टरबाइन फेल होने से चीनी मिल ठप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
टरबाइन फेल होने से चीनी मिल ठप
Sultanpur
Updated Fri, 06 Dec 2013 05:43 AM IST
विज्ञापन
सुल्तानपुर। किसान सहकारी चीनी मिल में गुरुवार सुबह टरबाइन फेल हो जाने से गन्ने की पेराई ठप हो गई। इंजीनियरों की टीम खराबी दुरुस्त करने के लिए लगी रही लेकिन देर शाम मिल में गन्ने की पेराई शुरू नहीं हो सकी। चीनी मिल में पेराई ठप होने से यार्ड में ट्रैक्टर से गन्ना लादकर आए किसानों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। जिले की इकलौती किसान सहकारी चीनी मिल में बीते 28 नवंबर को पेराई सत्र का शुभारंभ हुआ था। इसके तीन दिन बाद एक दिसंबर को चीनी मिल में गन्ने की पेराई शुरू हुई थी। चार दिन में करीब 12 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई हुई है। इस दौरान गन्ने के अभाव में चीनी मिल में कई बार पेराई का कार्य बाधित हुआ था। गुरुवार को सुबह करीब चार बजे चीनी मिल में बियरिंग टूट जाने से टरबाइन फेल हो गया। टरबाइन फेल होने से मिल में गन्ने की पेराई ठप हो गई। गन्ने की पेराई में लगे चीनी मिल कर्मियों ने इसकी सूचना जीएम को दी। जीएम आरबी कुरील, मुख्य गन्ना अधिकारी एसके पांडेय इंजीनियरों के साथ मौके पर पहुंचे। इंजीनियरिंग टीम ने छानबीन की तो पता चला कि बियरिंग टूट गई है। लखनऊ स्थित मुख्यालय और इलाहाबाद से सीनियर इंजीनियर बुलाए गए। इंजीनियरों की टीम ने नई बियरिंग मंगाने की सलाह दी। जीएम ने औराई चीनी मिल से बियरिंग मंगाने के लिए चीनी मिल कर्मियों को भेजा। देर शाम तक बियरिंग नहीं पड़ने से उसे बदला नहीं जा सका। गुरुवार को दिन भर चीनी मिल में पेराई कार्य ठप होने से मिल को हजारों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। मिल में पेराई बंद होने से गन्ना देने आए किसानों को परेशानी उठानी पड़ी। चीनी मिल के गन्ना यार्ड में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लग गईं।
विज्ञापन