यूपी: सपा मंत्री का हेलिकॉप्टर आसमान से खेत में गिरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के रामपुर मनिहारन में तकनीकी खराबी आने के बाद दो हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे हेलिकाप्टर के इमरजेंसी लेंडिंग के दौरान मंगलवार की दोपहर बड़ा हादसा होने से बच गया और सपा के दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री, दो पायलट और एक अन्य व्यक्ति भी बाल-बाल बचे।
हेलिकाप्टर के अनियंत्रित होने पर खतरा भांपकर पायलट ने उसे चकवाली गांव में नीचे उतारने का प्रयास किया, मगर बीस फीट की ऊंचाई पर इंजन बंद होने से हेलिकाप्टर नीचे खेत में आ गिरा।
राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त आशु मलिक और उनके दोस्त निजी मेस्को कंपनी के हेलिकाप्टर से दिल्ली से सहारनपुर लोकसभा के क्षेत्र के गांव मानकमऊ के लिए रवाना हुए। दोपहर करीब 12 बजे जब वे रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव चकवाली के ऊपर से गुजर रहे थे कि हेलिकाप्टर हवा में लहराने लगा।
खेत गीला होने के कारण हादसा टला
उस समय हेलिकाप्टर करीब दो हजार फीट की ऊंचाई पर था। पायलट गिरेवाल और सुनीता ने बताया कि हेलिकाप्टर के अनियंत्रित होने पर उसकी इमरजेंसी लेंडिंग की गई। जब वह जमीन से बीस फीट की ऊंचाई पर था तो उसका इंजन अचानक बंद हो गया और वह नीचे खेत में आ गिरा। गनीमत रही कि हेलिकाप्टर पलटा नहीं और न ही क्रेश हुआ। संभवत: खेत गीला था इस कारण बड़ा हादसा होने से टल गया।
चकवाली गांव निवासी शेर सिंह सैनी के गेहूं के खेत में हेलीकाप्टर के नीचे गिरते ही आसपास खेतों में काम कर रहे लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पडे़। कुछ ही देर में वहां भीड़ लग गई। रामपुर मनिहारान थानाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह भड़ाना भी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे। सपा के लोकसभा प्रत्याशी शादान मसूद भी साथियों सहित मौके पर पहुंचे और आशु मलिक और उनके साथी को साथ लेकर वापस लौट गए।
खेत के मालिक शेर सिंह सैनी का कहना है कि उसके पास आठ बीघा जमीन है और उसमें खड़ी गेहूं की फसल हेलिकाप्टर के गिरने से बर्बाद हो गई है। सैनी का कहना है कि आखिर इसकी भरपाई कौन करेगा। उसने प्रशासन से मेहनत से तैयार की गई फसल के खराब होने का मुआवजे देने की मांग की है।