सोनभद्र। युवक कांग्रेस ने बेरोजगारों को रोजगार की मांग के लिए बृहस्पतिवार से नौकरी संवाद की शुरूआत कर दी। इसके तहत हर ब्लॉक से एक-एक हजार बेरोजगारों को युवक कांग्रेस व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ेगा और उनकी समस्याओं को लेकर आंदोलन करेगा। युवाओं की शक्ति को संगठित कर उत्तर प्रदेश को और बेहतर बनाने के लिए युवक कांग्रेस ने नौकरी संवाद अभियान शुरू कर दिया है।
ये जानकारी युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और जिले के प्रभारी चंचल शर्मा ने बृहस्पतिवार को राबर्ट्सगंज के लोक निर्माण विभाग के अतिथिगृह में पत्रकार वार्ता के दौरान दी। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत युवा कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश के हर जिले में ब्लाकों में जाकर बेरोजगार नौजवानों को बेरोजगारी फार्म और मिस कॉल के माध्यम से जोड़ेंगे। जिलाध्यक्ष अमित चतुर्वेदी ने कहा कि जिले में बेरोजगारी का दंश झेल रहे नौजवानों के लिए युवा कांग्रेस बड़े पैमाने पर संघर्ष का बिगुल फूंकेगा। जल्द ही जिले के दसों ब्लॉकों में बेरोजगारी फार्म भरकर युवाओं के हक और हुकूक की लड़ाई लड़ी जाएगी। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामराज सिंह गौड़ ने कहा कि किसानों बेरोजगारों की लड़ाई कांग्रेस पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। इस दौरान नव मनोनीत जिलाध्यक्ष अमित चतुर्वेदी का स्वागत भी किया गया। यहां राजेश द्विवेदी, जगदीश मिश्रा, सुशील पाठक, शशांक मिश्रा, शत्रुंजय मिश्रा, निगम मिश्रा, अरविंद सिंह, प्रमोद पांडे, मृदुल मिश्रा, जयशंकर भारद्वाज आदि मौजूद रहे।