सोनभद्र: जमीन विवाद में पिटाई से घायल महिला की भी मौत, 4 पुलिसकर्मी निलंबित, छह पर मुकदमा
सोनभद्र जिले के कोन थाना क्षेत्र के बरवाडीह गांव में सोमवार को जमीन विवाद में पिटाई से घायल महिला की मंगलवार को ट्रामा सेंटर वाराणसी में उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि उनके पति की सोमवार को ही मौत हो गई थी। इस मामले में लापरवाही पर एसपी ने थानाध्यक्ष समेत चार पुलिस वालों को निलंबित कर दिया। छह आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई।
बरवाडीह निवासी उदय पासवान (48) का पट्टीदारों से जमीन का विवाद चल रहा है। इसी को लेकर सोमवार की शाम करीब पांच बजे उदय पासवान की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई थी। जबकि उनकी पत्नी शीतला देवी (42) को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
शीतला का ट्रामा सेंटर वाराणसी में इलाज चल रहा था। मंगलवार को शीतला ने भी दम तोड़ दिया। जानकारी होने पर एसपी, एएसपी और ओबरा सीओ भाष्कर वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में थानाध्यक्ष एसओ अरविंद यादव, एसआई रमई चौहान, एसआई अब्दुल कलाम और कांस्टेबल रामाश्रय पासवान को निलंबित कर दिया।
क्षेत्राधिकारी भाष्कर वर्मा ने बताया कि उदय पासवान के बेटे विनय पासवान की तहरीर पर केवल पासवान, जितेंद्र, गब्बर, सिकंदर पुत्र केवल, केवल की पत्नी कौशल्या देवी एवं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एकलाख आलम के खिलाफ हत्या, बलवा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।