दुद्धी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बलिदान दिवस पर बृहस्पतिवार को नगवां गांव में आदिवासी महोत्सव का आयोजन हुआ। ग्राम स्वराज समिति के संयोजन में हुए कार्यक्रम में आदिवासियों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए समाधान की रूपरेखा बनाई गई।
मुख्य अतिथि भाजपा नेता श्रवण सिंह गोंड ने कहा कि सरकार की ओर से गुमनाम सुराजियों को पहचान दिलाने के तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। आदिवासी समाज को आगे बढ़ाने में पीछे नही रहेंगे। कनहर विस्थापित परिवार पर हुए मुकदमे, लाभार्थियों की सूची में नाम की वृद्धि कराने की प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान गांव में गुमनाम सुराजियों की याद में लगाए गए स्तंभ का अनावरण किया। विशिष्ट अतिथि संजय सिंह गोंड ध्रुवे ने कहा कि गुमनाम चार सुराजियों की प्रतिमाओं की स्थापना कराई जाएगी। पांच गरीब आदिवासी बच्चों की शिक्षा दीक्षा की जिम्मेदारी हमारी होगी। ब्लॉक प्रमुख म्योरपुर मानसिंह गोंड ने भी सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। ग्राम स्वराज समिति के संयोजक महेशानंद ने आदिवासी परिवारों से बच्चों को अच्छी शिक्षा देने का आह्वान किया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शाह, रामेश्वर राय, रामविचार गौतम, प्रेम नारायण सिंह मोनू, डॉ. गौरव सिंह, बर्फी लाल, गंभीरा प्रसाद आदि उपस्थित रहे।