विंढमगंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोलिनडूबा में सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में ग्राम प्रधान यदुनाथ यादव की बहू रिंकू देवी की मौत हो गई। उसका शव मकान के कोठे पर बड़ेर से साड़ी के सहारे लटक रहा था। तहसीलदार की मौजूदगी में शव का पंचनामा हुआ। कोन थाना क्षेत्र के कचनरवा निवासी विवाहिता के पिता मोगल यादव ने पुलिस को तहरीर देकर अवगत कराया है कि अपनी पुत्री रिंकू (28) की शादी लगभग पांच वर्ष पहले कोलिनडूबा गांव निवासी उमेश यादव के साथ की थी। ससुराल के लोग दहेज के लिए हमेशा मारते-पीटते व प्रताड़ित करते थे। उन्होंने कहा कि पुत्री की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है। वहीं मृतका के पति ने थाने पर दिए प्रार्थनापत्र में कहा है कि हम दोनों में आपसी घरेलू विवाद में कहासुनी हुई थी। इससे खफा होकर पत्नी ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और फांसी लगाकर जान दे दी। थाना प्रभारी सूर्यभान ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, प्रधान के बहू की मौत की सूचना पाकर प्रधान संघ अध्यक्ष दिनेश यादव, संतोष यादव, निरंजन सोनी, अभिषेक प्रताप सिंह उर्फ किंशु सिंह, रमेश प्रसाद, परमेश्वर, अजय कुमार, सुरेंद्र प्रसाद, रविंद्र आदि ने पहुंचकर शोक संवेदना जताया।