Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Vice President CP Radhakrishnan inaugurated Kashi Tamil Sangamam 5.0 in Varanasi

वाराणसी में उपराष्ट्रपति: 'यूपी में रामराज्य, तमिलनाडु में जो स्थान कामराज का था, वही स्थान यूपी में योगी का'

Sun, 29 Nov 2026 10:24 AM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Sun, 29 Nov 2026 10:24 AM IST
सार

काशी तमिल संगमम 5.0 का उपराष्ट्रपति और सीएम योगी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने उद्घाटन किया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि केंद्र में कर्मयोगी प्रधानमंत्री और यूपी में भगवाधारी योगी के नेतृत्व में विकास हो रहा है। 

विज्ञापन
Vice President CP Radhakrishnan inaugurated Kashi Tamil Sangamam 5.0 in Varanasi
काशी तमिल संगमम 5.0 - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षामंत्री प्रह्लाद जोशी ने शनिवार को नमो घाट पर 12 दिसंबर तक चलने वाले काशी तमिल संगमम 5.0 का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में केवल भव्य राम मंदिर का ही निर्माण नहीं हुआ, बल्कि यहां रामराज्य स्थापित हुआ। प्रदेश की गली-गली में हर महिला निर्भय होकर जा सकती है। पतन की स्थिति से निकलकर उत्तर प्रदेश शिखर पर पहुंच चुका है। देश की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।

विज्ञापन


उपराष्ट्रपति ने तमिलनाडु के प्रमुख स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और पूर्व मुख्यमंत्री कामराज से तुलना करते हुए कहा कि जैसे तमिलनाडु में कामराज थे, वैसे ही आज उत्तर प्रदेश के लिए योगी महाराज विराजमान हैं। योगी से हमारा नाता 20 वर्ष से ज्यादा पुराना है। वर्ष 1998 में जब हम दोनों संसद में अगल-बगल बैठते थे, तब एक-दूसरे के भाषणों को बड़े स्नेह से सुनते थे। 
विज्ञापन


काशी तमिल संगमम् का पांचवां संस्करण संत तिरुवल्लुवर और उनके अमर ग्रंथ तिरुक्कुरल को समर्पित है। तिरुक्कुरल केवल तमिल भाषियों की विरासत नहीं बल्कि पूरी मानवता की अमानत है। चेन्नई स्थित केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान के प्रयासों से 10 विदेशी भाषाओं सहित कुल 50 भाषाओं में तिरुक्कुरल का अनुवाद प्रकाशित हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि केंद्र में एक कर्मयोगी प्रधानमंत्री बैठे हैं। उत्तर प्रदेश में मुझे कुछ नहीं चाहिए कहने वाले एक विरक्त भगवाधारी योगी विराजमान हैं। इनके कालखंड में तमिल और तिरुक्कुरल का वैभव विश्व स्तर पर बढ़ रहा है। हाल ही में ब्रिक्स समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को रूसी भाषा में अनुवादित तिरुक्कुरल भेंट किया। 

Trending Videos

Vice President CP Radhakrishnan inaugurated Kashi Tamil Sangamam 5.0 in Varanasi
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और सीएम योगी - फोटो : अमर उजाला
देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में उत्तर प्रदेश का योगदान नौ प्रतिशत है। 2029 की निर्धारित समयसीमा से पहले ही उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के रूप में आगे आएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री के निमंत्रण पर अयोध्या के भव्य दीपोत्सव और पिछले वर्ष रामेश्वरम् में संगमम् के चौथे संस्करण के समापन समारोह में शामिल होने के अनुभवों को भी साझा किया।

काशी दुनिया की आध्यात्मिक राजधानी, युवा बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना कर तमिलनाडु लौटें
उपराष्ट्रपति ने कहा कि तमिलनाडु में कामराज और मुत्तुरामलिंग तेवर के बाद राष्ट्रीयता को प्रमुखता देने वाला कोई नेता नहीं हुआ। उन्होंने संगमम् में आए 1,400 प्रतिभागियों, विशेषकर युवाओं से आह्वान किया कि वे बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना कर तमिलनाडु लौटें और प्रांत को राष्ट्रीयता की ओर आगे बढ़ाएं। उन्होंने काशी को दुनिया की आध्यात्मिक राजधानी बताते हुए कहा कि हर तमिल घर में काशी यात्रा और महादेव के दर्शन का सपना होता है। 450 वर्ष पहले नाट्टुकोट्टई के नगरत्तार और सदियों पहले तमिल बुनकर यहां आकर बसे। महाकवि सुब्रमण्य भारती ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा काशी में बिताया और काशी के विद्वानों की वाणी को कांची में सुनने के उपकरण की जो दूरगामी कल्पना की थी, वह आज साकार हो रही है।

2047 में विकसित भारत का लक्ष्य अटल, गंगा-कावेरी संगम का संकल्प होगा साकार
उपराष्ट्रपति ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने से दुनिया की कोई शक्ति नहीं रोक सकती। विकसित भारत का अर्थ केवल आर्थिक शक्ति नहीं, बल्कि अपनी सभ्यता और विरासत की महानता को विश्व के समक्ष प्रस्तुत करना है। आज जब विश्व युद्ध, टकराव, आर्थिक और पर्यावरणीय संकट से जूझ रहा है, तब भारत की वसुधैव कुटुंबकम् और तमिल कवि कणियन पूंगुंड्रनार की पंक्ति यादुम ऊरे यावरुम केळिर (सारा जगत हमारा है) की भावना मानवता को राह दिखाती है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे जिस विभाग में रहते हैं, वहां अपनी अमिट छाप छोड़ते हैं। प्रधानमंत्री की दूरगामी दृष्टि के तरह ही एक दिन गंगा और कावेरी का संगम अवश्य साकार होगा।

हम भावनात्मक और सांस्कृतिक रूप से सदैव एक थे
उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत को अंग्रेजों ने एक देश बनाया। प्राचीन काल में तमिलनाडु में चेर, चोल, पांड्य, पल्लव और कोयंबटूर बेल्ट के कोंगुनाडु जैसे राजनीतिक विभाजन होने के बावजूद हम भावनात्मक और सांस्कृतिक रूप से सदैव एक थे। हमारी भाषाएं, पूजा प्रणाली और संस्कृति अनेक हो सकती हैं, लेकिन हमारा चिंतन, सभ्यता और राष्ट्र भाव एक है। आसेतु हिमाचलम्, गंगा से कावेरी और गुजरात से अरुणाचल तक हमारा लक्ष्य एक भारत, श्रेष्ठ भारत है। हमें अपनी मां, मातृभाषा और धर्म के साथ-साथ हर भाषा को स्नेह से देखना चाहिए।

काशी विश्वनाथ और कालभैरव के दर्शन किए
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी विश्वनाथ मंदिर एवं कालभैरव मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपराष्ट्रपति को अंगवस्त्रम और रुद्राक्ष की माला पहनाई। उन्हें स्मृति चिह्न भी भेंट किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed