जिपं अध्यक्ष चुनाव: सोनभद्र में सपा समर्थकों की पुलिस से तीखी नोकझोंक, हाईवे पर जाम लगाने की कोशिश, हंगामा
हंगामा तब शुरू हुआ जब जरहा वार्ड से निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य रामविचार गोंड़ को वोट देने से रोक दिया गया। इस सूचना पर सपाई भड़क गए। रामविचार गोंड़ पिछले 25 जून से लापता थे।
विस्तार
सोनभद्र में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान सपाइयों की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस-प्रशासन पर सत्ता पक्ष को लाभान्वित करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। हाईवे पर जाम लगाने की भी कोशिश की। हंगामा तब शुरू हुआ जब जरहा वार्ड से निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य रामविचार गोंड़ को वोट देने से रोक दिया गया।
इस सूचना पर सपाई भड़क गए। रामविचार गोंड़ पिछले 25 जून से लापता थे। पुलिस ने पुत्र की तहरीर पर उनके अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना था कि पहले सदस्य को घरवालों के सुपुर्द किया जाएगा। इसके बाद वोट दे पाएंगे। पुलिस जिला पंचायत सदस्य रामविचार को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। इस पर सपा कार्यकर्ताओ का गुस्सा फूट पड़ा।
गेट पर सपा कार्यकर्ताओ और पुलिस में नोकझोंक शुरू हो गई। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए राजमार्ग पर चक्काजाम करने का प्रयास किया। एनडीए समर्थकों ने भी नारेबाजी शुरू करी दी। हालांकि पुलिस ने सभी को समझा-बुझाकर मामला शांत किया।
सोनभद्र का सियासी समीकरण
31 सदस्यों वाले जिला पंचायत सदन में सपा ने जयप्रकाश उर्फ चेखुर पांडेय को उम्मीदवार बनाया है तो भाजपा-अपना दल एस गठबंधन से राधिका पटेल उम्मीदवार हैं। नामांकन दाखिल होने के बाद से ही वह सदस्यों को अपने पाले में करने के लिए हरसंभव प्रयत्न करने में जुटे हैं। उनकी यह कोशिश शुक्रवार की रात तक जारी रही।
दोनों ही खेमे एक-दूसरे पर सदस्यों को डराने-धमकाने या लालच देने के आरोप भी लगाते रहे। अब देखना ये है कि उनकी इन कोशिशों का कितना असर आज मतदान के बाद दिखेगा। फिलहाल मतदान को सकुशल कराने पर प्रशासन का पूरा जोर है।