Sonbhadra: करंट की चपेट में आने से व्यापारी के इकलौते बेटे की मौत, लोहे का दरवाजा बना काल
घोरावल नगर वार्ड नं सात निवासी उदय कुमार सोनांचल इंटर कॉलेज में 11वीं का छात्र था। वह गुरुवार रात किचन में कोई सामान लेने गया था। इसी दौरान लोहे के दरवाजे में उतरे करंट की चपेट में आ गया।
विस्तार
सोनभद्र के घोरावल में कपड़ा व्यापारी के किशोर पुत्र की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। लोहे का दरवाजा किशोर के लिए काल साबित हुआ। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं नगर में शोक की लहर दौड़ गई।
घोरावल नगर वार्ड नं सात निवासी संतोष कुमार उमर की कपड़े की दुकान है। उनका इकलौता पुत्र उदय कुमार सोनांचल इंटर कॉलेज में 11वीं का छात्र था। गुरुवार रात करीब 10 बजे उदय ने पिता संतोष के साथ खाना खाया। इसके बाद किचन में कोई सामान लेने गया था। इसी दौरान लोहे के दरवाजे में उतरे करंट की चपेट में आ गया।
चीखने की आवाज सुनकर दौड़े परिजन
उसके चीखने की आवाज सुनकर परिजन दौड़े। उदय की हालत देख परिजन अवाक रह गए। मेन स्विच ऑफ कर आननफानन परिजन उसे लेकर घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही घोरावल नगर में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। दो बहनों के बीच इकलौता भाई था। इस दुःखद हादसे पर पूर्व विधायक रमेश चंद्र दुबे, घोरावल उद्योग व्यापार मंडल पूर्व अध्यक्ष घनश्याम दास केडिया, सोनांचल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य केपी मौर्य, नगर पंचायत के निवर्तमान अध्यक्ष राजेश कुमार, पूर्व अध्यक्ष राकेश कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण कुमार पांडेय ने होनहार छात्र के निधन पर शोक व्यक्त किया।