सोनभद्र। फर्जी तरीके से ड्राइविंग लाइसेंस और वाहनों के कागजात तैयार करने वाले गिरोह का सदर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को पर्दाफाश किया। गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने दबोचते हुए उनके पास से कई ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, मुहर आदि सामान बरामद किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उनका संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
एआरटीओ ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत किया था कि कुछ लोग फर्जी तरीके से लाइसेंस बनाकर अभ्यर्थियों के साथ धोखाधड़ी कर रहे हैं। इस शिकायत पर जांच के लिए पहुंचे एसआई संजय कुमार सिंह, रंजीत कुमार ने लोढ़ी स्थित एआरटीओ कार्यालय पहुंचकर छानबीन शुरू की। कार्यालय के पास संचालित एक जनसेवा केंद्र की जांच के दौरान वहां मौजूद कुछ संदिग्ध लोगों की तलाशी ली गई। उनके पास से भारी मात्रा में फर्जी लाइसेंस, उसे तैयार करने वाले दस्तावेज बरामद हुए। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए जैत निवासी आकाश यादव, संजय यादव, लोढ़ी निवासी अवधेश बियार के पास से अवैध रूप से 36 डीएल, आठ मुहर, दो आधार कार्ड, बायोमैट्रिक मशीन, कम्प्यूटर, प्रिंटर, डीएल नवीनीकरण फार्म सहित अन्य सामान बरामद हुए। पूछताछ में उन्होंने आवेदकों से मोटी फीस लेने के बाद फर्जी तरीके से डीएल तैयार कर देने की जानकारी दी। उन्हें धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में चालान कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल शिवचंद पटेल, राघवेंद्र सिंह भी शामिल रहे।