श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां तेज हो गई हैं। बाजारों में राधा-कृष्ण और लड्डू गोपाल की पोशाकों से दुकानें सज गई हैं। लोगों को राजस्थानी और गुजराती परिधान खूब भा रहे हैं। भगवान कृष्ण के शृंगार से जुड़ी सामग्री की बिक्री बढ़ गई है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी चार सितंबर को मनाई जाएगी। घरों में तैयारियां तेज कर दी गई है। खासकर महिलाएं खरीदारी के लिए बाजारों में निकल रही है। मंगलवार को बारिश के कारण अधिकतर बाजारों में सन्नाटा रहा, लेकिन बाजारों में दुकानें सज गई है। दुकानों पर छोटे से लेकर बड़े आकार के लड्डू गोपाल के लिए अलग-अलग डिजाइन की परिधान उपलब्ध हैं। इनमें जरी, गोटा, मोती और कढ़ाई से सजी परिधानों की विशेष मांग है। हल्के कपड़ों की पोशाक के साथ ही आकर्षक प्रिंट वाली ड्रेस भी बाजार में हैं। ज्ञानुपर के दुकानदार रमेश गुप्ता ने बताया कि इस बार राजस्थान और गुजरात की पारंपरिक डिजाइन वाली पोशाकें मंगाई गई हैं। पोशाक के साथ मुकुट, मोरपंख, बांसुरी, हार, कंठी, बाजूबंद, पायल और अन्य आभूषण भी उपलब्ध है। कई दुकानों पर राधा-कृष्ण की जोड़ी के लिए एक जैसे डिजाइन की पोशाक उपलब्ध है। ग्राहक अपने घर के मंदिर के आकार और लड्डू गोपाल की प्रतिमा के अनुसार पोशाक और शृंगार सामग्री पसंद कर रहे हैं। बताया कि बारिश के कारण अभी भीड़ कम दिख रही हैं, लेकिन बारिश बंद होने पर बुधवार और बृहस्पतिवार को अधिक लोगों के निकलने की उम्मीद है।