बीजपुर। रिहंद परियोजना आवासीय परिसर से काटी गई बेसकीमती लकड़ियों से जुड़ा वीडियो व शिकायती पत्र सोशल मीडिया पर बुधवार की रात वायरल होते ही जरहां वन रेंज के अधिकारियों में खलबली मच गई। शिकायतकर्ता ने एनटीपीसी प्रबंधन व वन विभाग के उच्चाधिकारियों से जांच कराकर कर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद लकड़ी का दस बोटा एक वन दरोगा के कमरे से बरामद कर जरहा रेंज के जायका कॉलोनी में सीज करने के साथ ही केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी।
वन क्षेत्राधिकारी जरहा राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो फोटो और शिकायत की जांच चीफ कंजरवेटर मिर्जापुर आरसी झा के निर्देश पर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एनटीपीसी में एक यूनियन के नेता ने सागौन, आम, अमरूद, शीशम सहित अन्य कुल दस पेड़ वन विभाग की बिना अनुमति के आवासीय परिसर से कटवा दिया था। उसी लकड़ी को वन दरोगा नूर आलम ने रेंज आफिस ले जाने की बजाय उठा कर अपने आवास पर रखवा लिया था। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर यूनियन नेता के खिलाफ वन अधिनियम की धारा के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वन दरोगा के आवास से बरामद लकड़ी के सभी बोटा को वन कार्यालय जायका कॉलोनी बीजपुर में लाकर सीज कर दिया गया है। इस कार्रवाई से वन विभाग के उच्चाधिकारियों सहित एनटीपीसी प्रबंधन को पत्र के जरिए अवगत करा दिया गया है।