चोपन/घोरावल। जिले के जुगैल थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए सड़क हादसे में टेंपो चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घोरावल कोतवाली क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।
जुगैल थाना क्षेत्र के नेवारी गांव निवासी पोलो केवट (25) पुत्र अईब टेंपो में सवारी लेकर चोपन से भरहरी की तरफ गया था। भरहरी में सवारियों को उतारने के बाद वह खाली टेंपो लेकर गांव लौट रहा था। नेवारी गांव के पास अनियंत्रित होकर टेंपो पुलिया की दीवार से टकराकर पलट गया। घटना में पोलो गंभीर रूप से घायल हुआ। सिर और कमर में गंभीर चोटें आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजनों के साथ ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जुगैल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। उधर, घोरावल कोतवाली क्षेत्र के फुलवारी मुक्खा मार्ग पर रविवार की रात ट्रैक्टर के धक्के से घुवास गांव निवासी मिठाई लाल (42) पुत्र बाठे गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना तब हुई जब वह फुलवारी गांव से अपने घर की ओर बाइक से जा रहा था। मुक्खा फाल गेट के पास घटना हो गई। एंबुलेंस से उसे सीएचसी घोरावल में भर्ती कराया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।