सोनभद्र। अंतरजनपदीय तबादले की मांग को लेकर शिक्षकों ने बृहस्पतिवार को सांसद पकौड़ी लाल कोल व सदर विधायक भूपेश चौबे को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शिक्षकों ने अपना दर्द बयां किया। सोनभद्र को आकांक्षी जिले से बाहर कर तबादले की मांग की। शिक्षक रामगोपाल व रंजना सिंह ने बताया कि अंतर्जनपदीय तबादले की मांग को लेकर एक सप्ताह तक पूरे प्रदेश में ज्ञापन देने का कार्यक्रम चल रहा है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को जिले के सांसद और विधायक को ज्ञापन दिया गया है। प्रदेश नेतृत्व रत्नेश पाल के आह्वान पर सौंपे गए ज्ञापन में जिले को आकांक्षी जनपद से बाहर करने व शिक्षकों के तबादले की मांग की गई है। शिक्षक राजकुमार मौर्य, राधेश्याम पाल व अखिलेश मिश्रा, जेबा अफरोज, बबिता सिंह व निशा मालवीय ने कहा कि आकांक्षी जनपदों के बहुतायत शिक्षक 10 वर्षों से भी ऊपर समय से अपने गृह जनपद व परिवार से दूर हैं। प्रदेश में दो बार स्थानांतरण किए गए। इनमें आकांक्षी जनपदों से एक भी ट्रांसफर नहीं हुए। सर्वेश तिवारी, मनोज यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलने से लेकर जब तक स्थानांतरण नहीं होता अपनी लड़ाई हर स्तर पर जारी रखेंगे। इस मौके पर अनिल सिंह, बीएन सिंह, हिमांशु मिश्र, अन्नू दुबे, बीना दुबे, दिव्या, सुनीता, अनिता, अनिता चौधरी, अनामिका मौर्य, गरिमा, मनुराज, किरण मौर्य, स्नेह शिखा, अन्नू पटेल आदि मौजूद रहे।