सोनभद्र। जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति व एमडीएम जनपदीय टास्क फोर्स की बैठक बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। डीएम ने रेंडम आधार पर भ्रमणशील रहकर प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों की नियमित जांच करने का निर्देश दिया। अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा।
बैठक में डीएम ने कहा कि सभी बीईओ अपने क्षेत्रों के उन विद्यालय का भ्रमण अनिवार्य रूप से करें, जिसमें विद्यालय के शिक्षक के अनुपस्थित रहने की शिकायतें प्राप्त हो रही है। ऐसे शिक्षकों पर अनिवार्य रूप से कार्रवाई की जाय। विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शिक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने के साथ ही एमडीएम में गुणवत्ता पूर्ण भोजन भी दें। नव निर्मित प्राथमिक विद्यालयों के निर्माण कार्यों के प्रगति की समीक्षा के दौरान बीएसए ने बताया कि 36 विद्यालयों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। 16 विद्यालयों की सत्यापन आख्या प्राप्त हुई है। उसमें द्वितीय किस्त के भुगतान की प्रक्रिया प्रारंभ है। डीएम ने निपुण लक्ष्य अभियान की भी बेहतर ढंग से माॅनिटरिंग करने, विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, समावेशी शिक्षा/समर्थ पोर्टल पर दिव्यांग छात्र-छात्राओं को मुख्य धारा में लाने के संबंध में प्राथमिकता पर कार्य करने को कहा। बैठक में डीडीओ शेषनाथ चौहान, डीपीआरओ विशाल सिंह, बीएसए नवीन कुमार पाठक आदि मौजूद रहे।